Bihar Crime News: रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाला एक ऐसा गिरोह सामने आया है, जिसका नेटवर्क देशभर में फैला होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इस गैंग में 300 से ज्यादा सदस्य शामिल हैं, जो देश के अलग-अलग हिस्सों में रेलवे और ट्रेनों को निशाना बनाकर यात्रियों के सामान चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देते हैं।




इसी नेटवर्क के खिलाफ दरभंगा में आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत हावड़ा-रक्सौल एक्सप्रेस से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 51 हजार 200 रुपये नकद, मोबाइल फोन, आभूषण समेत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये का सामान बरामद हुआ है।




गिरफ्तार पांचों संदिग्ध हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य यात्रियों को मदद करने के बहाने अपने जाल में फंसाते थे और मौका मिलते ही उनके बैग से नकदी और कीमती सामान गायब कर देते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।




दरभंगा में हुई इस कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा देशभर में फैले इस कथित नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में बढ़ गया है। सवाल यह है कि आखिर रेलवे में सक्रिय इस गिरोह के तार कितने राज्यों से जुड़े हैं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा