Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा जिले में दीपावली की रात हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके चचेरे भाई ने मुंह में पिस्टल डालकर तीन गोलियां दाग दीं। वारदात के बाद बाइक से फरार हो रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, मैगजीन और करीब 40 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना रविवार (8 नवंबर) देर शाम की है।
जानकारी के अनुसार, दीपावली के मौके पर काशीकांत ठाकुर अपने घर में चौकी पर बैठे थे। इसी दौरान उनके रिश्ते के चचेरे भाई कुमोद ठाकुर वहां पहुंचे। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन कुछ देर बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुमोद ने पिस्टल निकाल ली।
आरोप है कि कुमोद ने काशीकांत के मुंह में पिस्टल डालकर गोली चला दी। इसके बाद उसने लगातार तीन गोलियां दागीं। गोलियां माथे, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे काशीकांत की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर घर में चीख-पुकार मच गई।
हत्या के बाद आरोपी बाइक से फरार होने लगा। इसी दौरान बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव के पास उसकी बाइक से एक व्यक्ति को धक्का लग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी पिटाई की और उसे बांधकर रखा। सूचना मिलने पर बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक पिस्टल, मैगजीन और करीब 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घटनास्थल से दो खोखे मिलने की भी जानकारी है। इसके अलावा आरोपी के पास से बॉडी प्रोटेक्टर बरामद होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी और थानाध्यक्ष चन्द्रमणि मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया।
दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने हत्या की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक रिश्ते में आरोपी का चाचा लगता था। दोनों परिवारों के बीच वर्ष 2010 से विवाद चल रहा था। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पड़री गांव में मातम पसरा हुआ है।