Bihar Crime News: वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बखरा गांव से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कुख्यात अपराधी अभिनंदन की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लंबे समय से लगातार प्रयास कर रही थी। कई मामलों में वांछित अभिनंदन पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।


इसी बीच न्यायालय के आदेश पर वैशाली पुलिस कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के लिए उसके घर बुलडोजर लेकर पहुंची। पुलिस की टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और बुलडोजर की गूंज के साथ कार्रवाई शुरू की, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


पुलिस के इस सख्त रुख और लगातार दबाव के बाद कुख्यात अपराधी अभिनंदन ने अंततः कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि वैशाली पुलिस इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिले के एसपी के निर्देश पर फरार और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


बिहार में नई सरकार के गठन के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती और तेज कर दी गई है। अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि या तो वे कानून के सामने आत्मसमर्पण करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।