चतरा: झारखंड के चतरा जिले में एसपी आवास के पास दिनदहाड़े एक प्राइवेट सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच के अनुसार, घटना की वजह कोई पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि खैनी मांगने को लेकर हुआ मामूली विवाद था। इसी विवाद में एक निजी गार्ड ने अपनी सर्विस राइफल से साथी गार्ड को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिससे पूछताछ जारी है।
विधायक के बेटे के निजी गार्डों के बीच हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, मृतक और आरोपी दोनों बिहार के गया जिले की बेलागंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक मनोरमा देवी के पुत्र विनीत यादव उर्फ रॉकी यादव के निजी सुरक्षा गार्ड थे। दोनों किसी कार्य से चतरा आए थे और एक ही वाहन में सवार थे। इसी दौरान खैनी मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
गुस्से में साथी गार्ड पर चला दी गोली
जांच में यह बात सामने आया है कि आरोपी बलविंदर सिंह ने गुस्से में अपनी सर्विस राइफल से साथी गार्ड अतुल सिंह पर गोली चला दी। गोली लगते ही अतुल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बिहार के बक्सर जिले के निवासी थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया।
सरकारी गार्ड की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस ने बताया कि घटना के समय विधायक की सुरक्षा में तैनात एक सरकारी सुरक्षा गार्ड भी मौके पर मौजूद था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि घटना के दौरान उसकी क्या भूमिका रही और उसने विवाद रोकने का प्रयास किया था या नहीं। इस संबंध में उससे भी पूछताछ की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया एसडीपीओ, टंडवा एसडीपीओ समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए और आसपास मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की सटीक जानकारी जुटाई जा सके।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के पास खड़े एक चारपहिया वाहन को भी जब्त किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह वाहन चतरा में बाईपास निर्माण कार्य से जुड़ी एक निर्माण कंपनी का बताया जा रहा है, जिसके मालिक बिहार के गया निवासी हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों निजी गार्ड चतरा किस उद्देश्य से आए थे और घटना के समय वहां उनकी मौजूदगी किन परिस्थितियों में थी।
फिलहाल आरोपी बलविंदर सिंह पुलिस हिरासत में है। वहीं, मृतक अतुल सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।