CHAPRA: बिहार में 10 साल से पूर्ण शराबबंदी है, लेकिन ना तो पीने वाले सुधरने का नाम ले रहे हैं, और ना ही बेचने वाले अपनी करतूतों से बाज आ रहे है। शराबबंदी वाले बिहार में शराब की तस्करी आज भी जारी है।


 शराब की तस्करी के लिए लोग तरह-तरह का हथकंडा अपना रहे हैं। कभी एम्बुलेंस में छिपाकर तो कभी तरबूज, सब्जी, आम, लीची, पेट्रोल टंकी सहित कई तरह के हथकंडे अपनाने वाले धंधेबाजों ने आज ट्रैक्टर के ट्रॉली को तस्करी के लिए इस्तेमाल किया है। ट्रैक्टर की ट्रॉली में विदेशी शराब की बड़ी खेप को छिपाकर छपरा लाया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। 


सारण पुलिस लगातार जिले में अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में देसी एवं विदेशी शराब जब्त की गई।पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में 254 लीटर देसी शराब तथा 346.44 लीटर विदेशी शराब शामिल है। साथ ही कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर एवं दो मोटरसाइकिल भी जब्त किए गए हैं। 


गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हरिहरनाथ थाना से 308.04 लीटर विदेशी शराब बरामद, 01 कारोबारी गिरफ्तार। बनियापुर थाना क्षेत्र से 170 लीटर देसी शराब एवं 38.400 लीटर विदेशी शराब बरामद, 03 कारोबारी गिरफ्तार। सोनपुर थाना क्षेत्र से 60 लीटर देसी शराब बरामद। अमनौर थाना क्षेत्र से 24 लीटर देसी शराब बरामद, 01 कारोबारी गिरफ्तार। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

छपरा से पवन कुमार सिंह की रिपोर्ट