Bihar Crime News: छपरा के एकमा थाना क्षेत्र से जुड़े छात्रा रेपकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की लगातार छापेमारी और दबिश के कारण रेप केस के बाकी दो अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि पूर्व में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया जा चुका है।


पुलिस के मुताबिक, 10 मई 2026 की रात एकमा थाना में एक नाबालिग पीड़िता के परिजनों द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर एकमा थाना कांड दर्ज कर सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अनुसंधान प्रारंभ किया गया। मामले में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना का आरोप लगाया गया था।


घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन कर जांच शुरू की गई। साथ ही एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन किया गया तथा पीड़िता का मेडिकल जांच भी कराया गया।


पुलिस अनुसंधान के दौरान तीन अभियुक्तों की पहचान की गई थी। इनमें से एक विधि-विरुद्ध बालक को पहले ही निरुद्ध कर लिया गया था। वहीं पुलिस की लगातार छापेमारी और दबाव के कारण शेष दो अभियुक्तों ने 13 मई 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।


आत्मसमर्पण करने वाले अभियुक्तों की पहचान निशांत कुमार सिंह, पिता-राजकुमार सिंह, निवासी कोहरगढ़, थाना-एकमा, जिला-सारण तथा प्रदीप कुमार सिंह, पिता-विजय शंकर सिंह, निवासी भोजपुर, थाना-एकमा, जिला-सारण के रूप में हुई है। सारण पुलिस ने बताया कि मामले में विधिसम्मत एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। 

रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा