Bihar Crime News: बिहार के बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र से एक युवक को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) हैक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के सामने आते ही देश की सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।


दिल्ली और पटना की सीबीआई टीम ने बक्सर पुलिस के साथ मिलकर सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पड़री गांव में छापेमारी की, जहां से आरोपी अमन कुमार को देर रात गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान उसके घर से लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।


बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला बेहद संवेदनशील और टॉप सीक्रेट है, इसलिए फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी बुधवार देर रात से लेकर सुबह करीब तीन बजे तक चली। गिरफ्तारी के बाद युवक को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि जांच टीम ने उसके घर को भी सील कर दिया है। 


सूत्रों की मानें तो आरोपी अमन कुमार पहले भी साल 2022 में कोलकाता एयरपोर्ट हैकिंग के आरोप में पकड़ा गया था। उस समय कोलकाता पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी, लेकिन नाबालिग होने के कारण वह बाद में छूट गया था। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहराई से पड़ताल कर रही हैं।