BUXAR:बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड में दो शिक्षकों पर करीब 12 नाबालिग छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने और उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाने एवं सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। बक्सर में छात्राओं के साथ घृणित कृत्य पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बेहद सख्त हैं। 


उन्होंने दोनों आरोपित शिक्षकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। वही फास्ट ट्रैक कोर्ट में स्पीडी ट्रायल से सुनवाई कर कड़ी सजा दिये जाने की बात कही है। निलंबित किये गये दोनों शिक्षकों की बर्खास्तगी का प्रस्ताव भेजने का निर्देश शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बक्सर डीएम को दिया है। साथ ही दोनों को तत्काल गिरफ्तार करने को कहा है। 


बक्सर के डुमरांव प्रखंड की छात्राओं के साथ दो शिक्षकों द्वारा किए गए घृणित कृत्य पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि बच्चियों के साथ अमानवीय व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


शिक्षा मंत्री ने बक्सर के एसपी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि दोनों आरोपित शिक्षकों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। उनके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए। गिरफ्तारी के बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिये स्पीडी ट्रायल कर पूरे मामले की सुनवाई की जाए, ताकि पीड़ित छात्राओं को शीघ्र न्याय मिल सके और आरोपितों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले। साथ ही उन्होंने बक्सर के जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि दोनों निलंबित शिक्षकों की बर्खास्तगी का प्रस्ताव अविलंब शिक्षा विभाग को भेजें।


उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति शिक्षक के पवित्र दायित्व पर कलंक लगाता है, वह शिक्षक कहलाने के योग्य नहीं है। ऐसे लोगों के प्रति किसी भी स्तर पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षक पर अभिभावक भरोसा करते हैं। इस भरोसे को तोड़ने वाले के विरुद्ध कठोरतम कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, शिकायतों की त्वरित सुनवाई और संवेदनशील मामलों में कार्रवाई की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी शिक्षक पिछले कई महीनों से छात्राओं को कथित तौर पर निशाना बना रहे थे। आरोप है कि उन्होंने छात्राओं के वीडियो भी बनाए। करीब तीन दिन पहले इनमें से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों को पूरे मामले की जानकारी हुई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंच गए और दोनों आरोपी शिक्षकों को घेर लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, परिजनों की शिकायत के आधार पर कृष्णाब्रह्म थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। 


बक्सर के एसपी शुभम आर्या और प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह के मुताबिक, वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों को आधार बनाकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़ित छात्राओं व उनके परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।