BPSC AEDO Exam 2026: बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) परीक्षा में नकल के एक शातिर तरीके का खुलासा हुआ है। नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र स्थित पीएल साहू प्लस टू उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर अधिकारियों की सतर्कता से बड़ी धांधली की कोशिश नाकाम कर दी गई। इस मामले में बायोमेट्रिक जांच एजेंसी के दो कर्मियों और एक महिला परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया गया है।


जानकारी के अनुसार, बायोमेट्रिक जांच के लिए आई एजेंसी के सुपरवाइजर चंदन कुमार और ऑपरेटर राहुल कुमार ने मशीन के होलोग्राम के भीतर आंसर की छिपा रखी थी। पटना की रहने वाली अभ्यर्थी श्वेता कुमारी जब बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए पहुंची, तो इन कर्मियों ने गुपचुप तरीके से उसे उत्तरों की पर्ची थमा दी। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और तुरंत जांच की गई। तलाशी के दौरान अभ्यर्थी के पास से आंसर की बरामद हो गई।


मामला सामने आते ही परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। सेंटर सुपरिंटेंडेंट के आवेदन पर सोहसराय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार कर्मियों में चंदन कुमार नूरसराय का निवासी बताया जा रहा है।


पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि परीक्षा शुरू होने से पहले आंसर की कहां से आई और क्या इसके पीछे कोई बड़ा सॉल्वर गैंग सक्रिय है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह साजिश सिर्फ एक अभ्यर्थी तक सीमित थी या इसमें और लोग भी शामिल हैं।


वहीं, शिक्षा विभाग के अनुसार इस परीक्षा में उपस्थिति भी अपेक्षाकृत कम रही। जिले के 15 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में आधे से अधिक अभ्यर्थी शामिल नहीं हुए। पहली पाली में 9732 में से 4285 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में यह संख्या घटकर 4250 रह गई। फिलहाल पूरे जिले में केवल इसी केंद्र से कदाचार का मामला सामने आया है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।