SVU Raid Bihar: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पथ निर्माण विभाग, सहरसा के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार उर्फ विजया कुमार के पटना, सहरसा और औरंगाबाद स्थित पांच ठिकानों पर 4 नवंबर 2026 को एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में SVU की टीम को 31.42 लाख रुपये नकद, बैंक में जमा राशि, सोने-चांदी के आभूषण और निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।




SVU के अनुसार, विश्वसनीय सूचना और शुरुआती जांच के आधार पर विजय कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में विशेष निगरानी थाना कांड संख्या 27/2026, दिनांक 3 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।




अर्जित की करोड़ों की संपत्ति

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विजय कुमार ने 22 दिसंबर 2004 को सरकारी सेवा में योगदान दिया था। पटना, गया, सहरसा समेत विभिन्न स्थानों पर पदस्थापना के दौरान उन्होंने कथित तौर पर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की। जांच एजेंसी के मुताबिक, उनकी संपत्ति सरकारी वेतन और अन्य वैध आय के स्रोतों की तुलना में काफी अधिक पाई गई।




सत्यापन के दौरान विजय कुमार और उनकी पत्नी रानी कुमारी के नाम पर कई अचल संपत्तियों का पता चला। इनमें पटना के महेश नगर स्थित प्रेम रेजिडेंसी अपार्टमेंट का एक फ्लैट, दानापुर और गोला रोड इलाके में तीन भूखंड तथा दो नवनिर्मित मकान शामिल हैं।




जांच में इन अचल संपत्तियों का कुल मूल्य 3 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये बताया गया है। इसके अलावा विजय कुमार और उनकी पत्नी के नाम पर बैंक खातों और सावधि जमा (FD) में करीब 1 करोड़ 29 लाख 46 हजार रुपये की राशि होने की जानकारी भी सामने आई थी। उनके नाम पर एक स्कॉर्पियो और एक आई-10 कार भी पंजीकृत पाई गई।




पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद निगरानी न्यायालय, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर SVU की टीम ने बुधवार को पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें पटना के दानापुर और महेश नगर स्थित आवास, सहरसा स्थित कार्यालय और आवास तथा औरंगाबाद स्थित पैतृक आवास शामिल हैं।



31.42 लाख नकद और आभूषण बरामद

SVU की तलाशी के दौरान दानापुर स्थित साईं शरणम आवास से 31 लाख 42 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ इंडिया में कुल 10 लाख रुपये की सावधि जमा से संबंधित जानकारी मिली है।




तलाशी के दौरान करीब 23 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए। इसके साथ ही भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), टाटा एआईजी समेत विभिन्न कंपनियों में निवेश से संबंधित कई दस्तावेज भी मिले हैं। जांच एजेंसी को एचडीएफसी बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा में विजय कुमार और उनकी पत्नी के नाम से संचालित अन्य बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इन खातों में हुए लेनदेन की जांच की जा रही है।




अभी जारी है छापेमारी

SVU के मुताबिक, दानापुर स्थित साईं शरणम आवास पर अभी भी तलाशी अभियान जारी है। अन्य ठिकानों से भी चल-अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की संभावना है। बरामद नकदी, बैंक जमा और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद विजय कुमार की कथित आय से अधिक संपत्ति का कुल आकलन किया जाएगा। विशेष निगरानी इकाई ने कहा है कि सभी स्थानों पर तलाशी पूरी होने के बाद कार्रवाई के अंतिम परिणाम की जानकारी दी जाएगी।