Bihar News : बिहार के लघु जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई (SVU) की छापेमारी के बाद संपत्ति को लेकर मामला गरमा गया है। जांच एजेंसी ने तलाशी के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिलने और आय से अधिक संपत्ति का दावा किया है। वहीं, अब इंजीनियर राजेंद्र कुमार ने एजेंसी के दावों पर सवाल उठाते हुए कई संपत्तियों की जानकारी को गलत बताया है।


SVU की कार्रवाई शुक्रवार को पटना, छपरा, गोपालगंज और मुंबई समेत छह ठिकानों पर हुई थी। एजेंसी के मुताबिक तलाशी के दौरान जमीन और फ्लैट से जुड़े करीब चार करोड़ रुपये के दस्तावेज मिले। इसके अलावा 1.96 लाख रुपये नकद, लगभग 76 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और महंगी वस्तुओं की खरीद से संबंधित बिल भी मिलने की बात कही गई।


SVU ने तीन करोड़ से ज्यादा की आय से अधिक संपत्ति का किया दावा

विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, इंजीनियर राजेंद्र कुमार के पास करीब 3 करोड़ 1 लाख 87 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने का मामला सामने आया है। जांच एजेंसी ने परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज कई संपत्तियों का भी उल्लेख किया है।


SVU का दावा है कि इंजीनियर की मां सुनैना देवी के नाम पनवेल में करीब 1.61 करोड़ रुपये की जमीन है। वहीं, पत्नी कंचन कुमारी के नाम मुंबई के नेरूल में फ्लैट समेत अन्य संपत्तियां होने की बात कही गई है। इसके अलावा नवादा, पटना, बिक्रम और गोपालगंज में जमीनों से जुड़े दस्तावेज मिलने का भी दावा किया गया है।


जांच एजेंसी का आरोप है कि कथित तौर पर अवैध तरीके से अर्जित धन को परिवार के सदस्यों के बैंक खातों के जरिए स्थानांतरित कर संपत्ति को वैध दिखाने की कोशिश की गई। SVU को छह बैंक खातों समेत अन्य वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी मिलने की बात भी कही गई है।


इंजीनियर ने बताया- मां के नाम सिर्फ नौ गुंठा जमीन

हालांकि, SVU की कार्रवाई के बाद राजेंद्र कुमार ने अपना पक्ष रखते हुए एजेंसी के कई दावों को खारिज किया है। उनका कहना है कि पनवेल में उनकी मां सुनैना देवी के नाम 1.61 करोड़ रुपये की जमीन नहीं है।


राजेंद्र कुमार के मुताबिक, जिस जमीन का मूल्य 1.61 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, वह पूरी सोसाइटी की जमीन का मूल्य है। उनकी मां के नाम सिर्फ नौ गुंठा जमीन है, जिसकी कीमत लगभग 26 लाख रुपये है। उनका दावा है कि संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की व्याख्या में अंतर के कारण इतनी बड़ी राशि सामने आई है।


कर्ज लेकर संपत्ति खरीदने का दावा

इंजीनियर ने यह भी कहा कि उनकी मां, भाई और उनके नाम पर SBI का करीब 1.45 करोड़ रुपये का कर्ज चल रहा है। उनका कहना है कि जिन संपत्तियों को जांच में संदिग्ध बताया जा रहा है, उनमें से कई की खरीद ऋण की राशि से की गई है।


नवादा के गोनावन में 25 लाख रुपये की जिस खरीद-बिक्री का उल्लेख किया गया है, उसे उन्होंने समझौता डीड बताया और कहा कि यह सौदा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने इस राशि से अपना संबंध भी स्पष्ट रूप से नकारा है। 10 लाख रुपये की कुछ जमीनों और 39 लाख रुपये के एक अन्य प्लॉट को लेकर भी उन्होंने एजेंसी के दावों को गलत बताया है।


जांच से सामने आएगी संपत्तियों की असली तस्वीर

फिलहाल इस पूरे मामले में एक तरफ SVU के दावे हैं तो दूसरी ओर इंजीनियर राजेंद्र कुमार की सफाई। जांच एजेंसी ने जिन दस्तावेजों और बैंक खातों की जानकारी जुटाई है, उनकी पड़ताल के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित संपत्तियों का वास्तविक मालिक कौन है, उनकी खरीद में कितनी रकम लगी और उस रकम का स्रोत क्या था।


SVU की कार्रवाई के बाद सामने आए इन आरोपों और इंजीनियर की सफाई ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। अब जांच आगे बढ़ने के साथ यह तय होगा कि एजेंसी द्वारा बताई गई संपत्तियों और इंजीनियर की ओर से दी गई जानकारी में अंतर की असली वजह क्या है।