Bihar Crime News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में पिछले वर्ष हुए चर्चित बैंक लूटकांड में बिहार एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने गयाजी जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र से आरोपी श्रवण कुमार उर्फ छोटू महतो को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लूटे गए 349 ग्राम सोने के आभूषण, एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2025 को जबलपुर के खितौला थाना क्षेत्र स्थित इसाफ बैंक शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 14.873 किलोग्राम सोने के आभूषण और पांच लाख रुपये से अधिक नकद लूट लिया था। इस बहुचर्चित मामले की जांच में बिहार और मध्य प्रदेश पुलिस के बीच अंतरराज्यीय समन्वय के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार सिंह और आनंद कुमार के नेतृत्व में एसओजी-09 ने बैंक एवं ज्वेलरी सेल, अभियान दल-04 इमामगंज और बोधगया स्वाट टीम के सहयोग से जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पहले गिरफ्तार आरोपी सुनील पासवान की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके बाद 25 जुलाई 2026 को इमामगंज क्षेत्र में छापेमारी कर श्रवण कुमार उर्फ छोटू महतो को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि उसने बैंक लूट के दौरान लूटे गए सोने का हिस्सा खरीदा था। उसकी निशानदेही पर 349 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, श्रवण कुमार केवल जबलपुर बैंक लूटकांड ही नहीं, बल्कि गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र में हुई गोल्ड लूट की घटना में भी वांछित है। पूछताछ के दौरान उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी का ई-डोजियर तैयार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जबलपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर की जा रही है।