Bihar Crime News: बिहार के शेखपुरा जिले में सैलून में पहले दाढ़ी बनवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया. शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के ओनामा गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में 75 वर्षीय बुजुर्ग समेत दो लोग गोली लगने से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है.


घटना ओनामा गांव के एक सैलून की है, जहां दाढ़ी बनवाने की बारी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था. ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, रवि सिंह के भतीजे और मंटू सिंह के पुत्र कारू कुमार के बीच पहले दाढ़ी बनवाने को लेकर कहासुनी हुई. बताया जा रहा है कि कारू उस समय दाढ़ी बनवा रहा था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया.


कहासुनी के बाद गोलीबारी और पत्थरबाजी

सैलून में शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान एक पक्ष की ओर से कई राउंड गोलीबारी किए जाने की बात सामने आई है, जबकि दूसरे पक्ष के लोगों ने पत्थरबाजी की. गोलीबारी के दौरान 75 वर्षीय वीरेंद्र सिंह के पैर में गोली लग गई. वहीं, 25 वर्षीय पिंकु कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए.


फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में अफरातफरी मच गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया.


घटना की सूचना मिलते ही शेखोपुरसराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शेखोपुरसराय थानाध्यक्ष विवेक चौधरी ने बताया कि घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए गए हैं. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है.


पुलिस घटना में शामिल आरोपितों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. मामूली विवाद से शुरू हुई इस घटना में गोलीबारी होने के बाद गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.