Bihar News: बिहार के एक अंचल अधिकारी के खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही चलेगी. वित्तीय अनियमितत्ता के मामले में जिलाधिकारी की रिपोर्ट के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने यह निर्णय लिया है.

बेगूसराय के जिलाधिकारी ने 28 मार्च 2026 को साहेबपुर कमाल अंचल के तत्कालीन अंचल अधिकारी सतीश कुमार सिंह के खिलाफ राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को रिपोर्ट किया था. जिसमें आरोप लगाया गया था कि सीओ सतीश कुमार सिंह के खिलाफ जनसंख्या के निष्क्रमण मद में वित्तीय वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 में आवंटित राशि के विरुद्ध व्यय वाउचर की जाँच के बाद 11,47,357-00 (ग्यारह लाख सैंतालीस हजार तीन सौ सनतावन रूपये) की वित्तीय अनियमितता पायी गई है. साथ ही बैंक खाता विवरणी देखने से पता चला कि बैंक खाता में कुल 6,95,676-00 (छः लाख पंचानवे हजार छह सौ छिहत्तर) रूपया बचना चाहिए था. लेकिन राशि शून्य पाई गई। साथ ही समायोजित अभिश्रव के द्वारा फिर से राशि की निकासी करना, सरकारी राशि की हानि करना या राशि का दुरुपयोग करने जैसे गंभीर आरोप जिलाधिकारी द्वारा प्रतिवेदित किए गए.


बेगूसरा जिलाधिकारी की रिपोर्ट के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग स्तर से आरोपों के संबंध 04.06.2026 को आरोपी सीओ सतीश कुमार सिंह से बचाव अभिकथन की मांग की गयी. इस आलोक में इनके द्वारा कार्यालय अंचल अधिकारी, ईसुआपुर, सारण के माध्यम से 6 जुलाई 2026 से अपना बचाव का लिखित अभिकथन समर्पित किया गया। 

आरोप पत्र में प्रतिवेदित आरोपों एवं आरोपी सीओ से प्राप्त स्पष्टीकरण की समीक्षा के बाद अनुशासनिक प्राधिकार ने अनुशासनिक कार्यवाही संचालित 'किये जाने का निर्णय लिया है. इस अनुशासनिक कार्यवाही के संचालन के लिए अपर समाहर्ता (विभागीय जाँच), बेगूसराय को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है.