Bihar Police: बिहार पुलिस अजब-गजब कारनामा करती है. ऐसा काम जिसे जान-सुनकर आश्चर्य में पड़ जायेंगे. अंचल अधिकारी ने पांच अभियुक्तों पर केस दर्ज कराया, अगले ही दिन थाने के आईओ ने पांच की जगह छह लोगों का नाम केस डायरी में लिखकर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया. हालांकि कोर्ट में आईओ का खेल पकड़ा गया,अब वो पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो रहा, जिस पर पुलिस अफसर की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं.
यह खबर मोतिहारी से है. जहां मोतिहारी सदर के अंचल अधिकारी ने 31 जुलाई 2026 को छतौनी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उल्लेख किया कि हवाई अड्डा इलाके में जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा था. इसकी सूचना पर वे दल-बल के साथ पहुंचे. भू माफियाओं का गिरोह सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहा था. इस आरोप में अंचल अधिकारी ने पांच नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ छतौनी थाने में केस दर्ज कराने का आवेदन दिया.
छतौनी थाने में दिए आवेदन में मोतिहारी सदर अंचल के अंचल अधिकारी ने लिखा है कि भू माफिया संगठित अपराध के तहत हवाई अड्डा मोतिहारी स्थित बेतिया राज की सरकारी जमीन जो राजकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल के लिए चिन्हित है, उस पर अवैध रूप से दखल कब्जा कर रहे थे. इस आरोप में गिरफ्तार माफिया अभियुक्त संदीप कुमार के साथ-साथ गुंजन पटेल, ओम राय, मुन्ना कुमार और जितेंद्र कुमार जो पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं, साथ ही अन्य अज्ञात के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करें. अंचल अधिकारी के आवेदन पर छतौनी थाने की पुलिस ने 31 जुलाई को बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया और राहुल वर्मा को जांच का जिम्मा दिया.
जानकारी के अनुसार, मोतिहारी की छतौनी थाने की पुलिस के आईओ ने अगले दिन यानी आज 1 अगस्त को मोतिहारी कोर्ट में केस डायरी पेश किया. जिसमें केस संख्या- 422 में पांच अभियुक्तों की जगह 6 नामजद अभियुक्त को दर्शा दिया . अब वो पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो रहा, जिसमें स्पष्ट तौर पर दिख रहा कि तीसरे नंबर पर नये व्यक्ति का नाम जोड़ा गया. तीसरे नंबर पर जिसका नाम जोड़ा गया है, उस नाम का वर्णन अंचल अधिकारी ने अपने आवेदन में नहीं किया है. इस तरह से कोर्ट में पांच अभियुक्तों की जगह छह नाम पेश किया गया. बताया जाता है कि पुलिस का यह खेल कोर्ट में पकड़ा गया. इसके बाद तीसरे नंबर पर दर्ज उक्त नाम को काट कर डायरी पेश की गई।
इस संबंध में मोतिहारी पुलिस के वरीय अधिकारियों ने जानकारी लेने की बात कही है.