Bihar Crime News: त्योहार के सीजन में मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरसही इलाके में अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, जिसे पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने नाकाम कर दिया। देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा एक एटीएम को गैस कटर से काटकर उखाड़ने और गाड़ी में लोड करने का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस ने मौके से कैश से भरा एटीएम सुरक्षित बरामद कर लिया है।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा गोबरसही स्थित एसबीआई (SBI) के एटीएम को निशाना बनाया जा रहा था। इसकी भनक लगते ही मुजफ्फरपुर के सीनियर एसपी (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा को तुरंत इसकी गुप्त सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने बिना देर किए सदर थानेदार इंस्पेक्टर नवलेश आजाद को पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर रवाना कर दिया।
थानेदार नवलेश आजाद अपनी टीम के साथ जब मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि बदमाश एटीएम मशीन को उखाड़कर लाखों रुपए कैश से भरी एटीएम को गाड़ी पर लोड कर रहे थे। पुलिस को अचानक सामने देख बदमाशों में खलबली मच गई। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा और अपराधियों को खदेड़ने के लिए जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। खुद को घिरता देख और पुलिस की सख्ती को भांपते हुए बदमाश लाखों रुपए कैश से भरा एटीएम को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
अगली सुबह घटना की सूचना मिलते ही एसबीआई बैंक के अधिकारी, एटीएम संचालन से जुड़े अन्य तकनीकी कर्मी, डीएसपी टाउन-2 दीपक कुमार, सदर थाने की पुलिस और एक विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
पूरे मामले को लेकर डीएसपी टाउन-2 दीपक कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि एसबीआई के एटीएम को अज्ञात बदमाशों द्वारा काटा जा रहा था। समय पर सूचना मिलने पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा था, जिसके बाद बदमाश एटीएम को गाड़ी पर लोड करने के दौरान ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस की विशेष टीम इस पूरे सिंडिकेट और अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। डीएसपी ने आश्वस्त किया है कि बहुत जल्द इस आपराधिक मामले का पूरी तरह से खुलासा कर लिया जाएगा और संलिप्त बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।