Bihar News: बिहार के एक जिला शिक्षा पदाधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही चलेगी. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने विभागीय कार्यवाही चलाने का निर्णय लिया है. विभाग ने संयुक्त सचिव शाहजहां को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया है. आरोपी अधिकारी वर्तमान में जहानाबाद जिला शिक्षा पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित हैं. 


शिक्षा विभाग की तरफ से 15 सितंबर को संकल्प जारी किया गया है. जिसमें कहा गया है कि बिहार बोर्ड द्वारा संचालित मैट्रिक परीक्षा -2019 में सुपौल जिला के माध्यमिक विद्यालयों का मूल प्रमाण पत्र अप्राप्त रहा था. इसके लिए सुपौल के तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार को उत्तरदायी माना गया .

बिहार बोर्ड के सचिव द्वारा इस संबंध में 9 सितंबर 2025 को आरोप पत्र उपलब्ध कराया था. इसके बाद अनुशासनिक कार्यवाही प्रारंभ की गई. आरोपी पदाधिकारी से बचाव अभिकथन की मांग की गई। डीईओ सुरेन्द्र कुमार ने 17 जून 2026 को जवाब उपलब्ध कराया. समीक्षा में उक्त जवाब को अस्वीकृत कर दिया गया. इसके बाद वृहद जांच के लिए विभागीय कार्यवाही चलाने का निर्णय लिया गया है. 


सुपौल के तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार वर्तमान में जहानाबाद के जिला शिक्षा पदाधिकारी हैं. शिक्षा विभाग ने संयुक्त सचिव को संचालन पदाधिकारी नियुक्त करते हुए तीन महीने में जांच रिपोर्ट देने को कहा है.