Bihar News: बिहार के शेखपुरा सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि रात में अस्पताल में न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही नर्स. वे पूरी रात इलाज के लिए अस्पताल के दरवाजे खटखटाते रहे, लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली. आखिरकार परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां प्रसूता और उसका बच्चा मृत अवस्था में मिले.


मृतका की पहचान इस्लामपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी राजकुमारी के रूप में हुई है. उसकी शादी कुछ वर्ष पहले नालंदा निवासी निरंजन कुमार पांडेय से हुई थी. परिजन प्रसव के लिए उसे मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे शेखपुरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे.


रातभर डॉक्टर और नर्स को खोजते रहे परिजन

मृतका के पति निरंजन कुमार पांडेय ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि रात करीब दो से तीन बजे के बीच उनकी पत्नी की हालत बिगड़ने लगी थी. इस दौरान वे लगातार डॉक्टर और नर्स को खोजते रहे, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक या नर्स मौजूद नहीं मिला.


उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी रात अस्पताल के दरवाजे पीटते रहे और स्वास्थ्यकर्मियों को बुलाने की कोशिश करते रहे, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला. अस्पताल में मौजूद गार्ड ने भी इमरजेंसी की स्थिति होने के बावजूद उन्हें अंदर जाने नहीं दिया. इसके बाद मजबूर होकर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया. अंदर पहुंचने पर उनकी पत्नी और नवजात बच्चा बेसुध पड़े मिले.


मृतका की मां ने बताया कि वे अपनी बेटी को प्रसव के लिए अस्पताल लेकर आई थीं, लेकिन अस्पताल में इलाज की व्यवस्था नहीं मिली. उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर के बारे में लगातार पूछने के बावजूद कोई जानकारी नहीं दी गई. न तो चिकित्सक ने प्रसूता की स्थिति के बारे में बताया और न ही नर्स ने कोई जानकारी दी. परिवार का आरोप है कि समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण मां और बच्चे दोनों की जान चली गई.


घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक विजय सम्राट भी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे राज्य में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति खराब है. अधिकारियों के निरीक्षण के बावजूद अस्पतालों की वास्तविक स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है.


उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और घटना के लिए जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पूर्व विधायक ने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मुकदमा चलाया जाना चाहिए.


इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा. परिजन दोषी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि अगर समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल जाती तो मां और नवजात की जान बचाई जा सकती थी.