Corrupt officer news: भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों की पौ-बारह है. ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ जांच एजेंसियां कार्रवाई करती हैं, पर ताकतवरों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता. हद तो तब हो जाती है,जब सचिवालय में बैठे बड़े अधिकारी करप्शन केस के आरोपियों को बचाते हैं. अकूत संपत्ति अर्जित करने के आरोपी अफसरों को चुपके से फील्ड में भेज दिया जाता है. रोक के बाद भी विभागीय अधिकारी अपने ही सचिव और मंत्री के आदेश को रद्दी की टोकरी में डाल देते हैं. निबंधन विभाग में ऐसा ही एक बड़ा खेल हुआ है. विभाग ने स्पष्ट आदेश दे रखा था, ''जबतक कोई फैसला न आ जाए तब तक आरोपी जिला अवर निबंधक की फील्ड पोस्टिंग नहीं''. मामला ठंडा हुआ तो कोर्ट का आदेश आए बिना, चुपके से करप्शन के आरोपी अधिकारी को फील्ड पोस्टिंग (जिला अवर निबंधक अररिया) मिल गई। यह कृत्य सरकार के जीरो टॉलरेंस नीति का मजाक नहीं तो और क्या है.... 

. 

 करप्शन केस में बृज बिहारी शरण हुए थे सस्पेंड 

निबंधन विभाग ने 21 अक्टूबर 2022 को अधिसूचना सं- 5584 जारी किया था. उक्त पत्र में कहा गया कि बृज बिहारी शरण जिला अवर निबंधक (मोतिहारी) के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में केस  सं-5/22 दर्ज किया गया. इस आरोप में इन्हें 21 फरवरी 2022 के प्रभाव से तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया. साथ ही इनका मुख्यालय जिला अवर निबंधन कार्यालय कैमूर निर्धारित किया गया. इस पत्र के माध्यम से सभी को 21 अक्टूबर 2022 के प्रभाव से निलंबन मुक्त किया गया था. 


निलंबन मुक्त कर निबंधन कार्य से अलग रखा गया था

इसी अधिसूचना में उमलेश प्रसाद सिंह, और मणिरंजन को भी निलंबन मुक्त किया गया था. साथ ही इन सभी को निबंधन कार्य से अलग रखने का निर्णय लिया गया. निबंधन विभाग ने इन तीनों जिला अवर निबंधकों को निलंबन मुक्त कर इथेनॉल प्लांट में ड्यूटी लगा दिया. बृज बिहारी शरण को निलंबन मुक्त कर सहायक निबंधन महानिरीक्षक भागलपुर प्रमंडल में नवसृजित अवर निबंधक के पद पर पदस्थापित कर बांका आसवनी इथेनॉल के movement के अनुश्रवण की जिम्मेदारी दी गई थी. 


जब तक फैसला न आ जाय, फील्ड पोस्टिंग नहीं -निबंधन विभाग 

निबंधन विभाग ने इसी अधिसूचना में स्पष्ट किया था कि, निकट भविष्य में बृजबिहारी शरण समेत इन तीनों पदाधिकारियों का फील्ड़ पोस्टिंग करना उचित नहीं होगा, जबतक की, न्यायालय का न्याय निर्णय प्राप्त न हो जाए.निबंधन विभाग के मंत्री और सचिव ने बजाप्ता इस प्रस्ताव को अनुमोदित किया था. 


मामला ठंडा होने पर फिर से किया गया फील्ड पोस्टिंग 

जिस अधिकारी की फील्ड पोस्टिंग की मनाही थी, मामला शांत होने पर निबंधन विभाग ने चुपके से फील्ड पोस्टिंग दे दिया. जबकि उक्त अधिकारी को न तो विभागीय जांच में क्लिन चिट दी गई और न ही न्यायालय से आरोप मुक्त किय. गया है. 


बिना आरोप मुक्त हुए बृज बिहारी शरण को अररिया का जिला अवर निबंधक बनाया

निबंधन विभाग ने 25 जुलाई 2026 को अधिसूचना सं- 4661 जारी किया. इस अधिसूचना के तहत जिला अवर निबंधन सेवा के 15 अधिकारियों का स्थानांतरण-पदस्थापन किया गया. इस लिस्ट में आठवें नंबर पर बृजबिहारी शरण का भी नाम है. जिन्हें मुख्यालय से स्थानांतरित कर जिला अवर निबंधक अररिया के पद पर पदस्थापित कर फील्ड पोस्टिंग दे दी गई. 2022 से जुलाई 2026 तक जिन्हें फील्ड पोस्टिंग से दूर रखा गया, बजाप्ता आदेश जारी किया गया था, उन्हें चुपके से फील्ड पोस्टिंग देकर विभाग ने अपने ही कायदे-कानून को रद्दी की टोकरी में डाल दिया. अब यह खेल कैसे हुआ, समझा जा सकता है. 


क्या कहते हैं आरोपी जिला अवर निबंधक? 

इस संबंध में हमने करप्शन केस के आरोपी जिला अवर निबंधक बृजबिहारी शरण से सवाल किया. उनसे पूछा गया कि क्या विभागीय कार्यवाही में आपकरो आरोप मुक्त किया गया है?  कोर्ट से आरोप मुक्त हो गए ? इस सवाल का स्पष्ट तौर पर जवाब देने से बचते रहे. हालांकि उन्होंने कहा कि विभाग ने उन्हें अररिया का जिला अवर निबंधक बनाया है. इसके पहले वे मुख्यालय में जिला अवर निबंधक के पद पर पदस्थापित थे. 


जानें पूरा मामला............

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मोतिहारी के सब रजिस्ट्रार बृज बिहारी शरण पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद उसके तीन ठिकानों पर छापेमारी की। 4 फरवरी 2022 को हुई इस कार्रवाई के दौरान करोड़ों की चल-अलच संपत्ति का खुलासे का दावा किया गया था. पति-पत्नी के बैंक खातों में 82 लाख रुपए जमा होने की बात सामने आई थी. तलाशी में 10.50 लाख नकद के अलावा जमीन-जायदाद और वित्तीय संस्थानों में निवेश के कागजात मिले थे। ढाई किलोग्राम के करीब सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद हुए थे. 

रेड के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया था कि सब रजिस्ट्रार बृह बिहारी शरण के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया. अदालत से सर्च वारंट लेने के बाद पटना के गर्दनीबाग स्थित विशनपुरी मोहल्ला और पूर्णेन्दुनगर स्थित घर के साथ मोतिहारी के आवास व कार्यालय की तलाशी ली गई। जांच में इनके वैध स्रोतों से 150 प्रतिशत अधिक संपत्ति का पता चला है। तलाशी में 10.50 लाख नकद के अलावा आधा किलोग्राम सोना और दो किलो से अधिक के जेवरात मिले हैं। इसकी कीमत 24.30 लाख से ज्यादा बताई जा रही है।

निगरानी के मुताबिक सब रजिस्टार बृज बिहारी शरण और उनकी पत्नी के नाम 7 बैंक खातों में 82 लाख रुपए जमा हैं। पटना के एसके पुरी स्थित एसबीआई ब्रांच में एक लॉकर भी मिला है जिसे तत्काल फ्रीज करवा दिया गया। वहीं बीमा की 14 पॉलिसी के अलावा डेबिट और क्रेडिट कार्ड बरामद हुआ है। दो कार के अलावा जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज भी तलाशी के दौरान मिले।

बताया गया था कि, सब रजिस्ट्रार का पूर्णेन्दु नगर में आलीशान मकान है। चार मंजिला मकान की कीमत 1.29 करोड़ रुपए आंकी गई. जांच के दौरान निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को इनके द्वारा 11 जमीन और फ्लैट की खरीदारी से डीड हाथ लगे। इनमें से कई संपत्तियों को बृज बिहारी शरण द्वारा दिए गए वार्षिक संपत्ति विवरणी में नहीं दर्शाया गया था. 

बता दें, बृज बिहारी शरण सितंबर 2010 में नौकरी में आए थे. डीए करेस दर्ज होने और रेड के समय ये मोतिहारी में पदस्थापित थे. इससे पहले औरंगाबाद और शेखपुरा में ही इनकी तैनाती रही.