Bihar Crime News: बेगूसराय जिले में अपराधियों और दबंगों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक और उदाहरण लाखो थाना क्षेत्र में देखने को मिला है। महज 10 रुपये के विवाद में दबंग युवकों ने होटल में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और होटल संचालक समेत कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।


घटना लाखो थाना क्षेत्र के खातोपुर स्थित सब्जी मंडी के समीप एक होटल की है। जानकारी के अनुसार होटल संचालक राजेश कुमार अपने प्रतिष्ठान पर मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और कोल्ड ड्रिंक की मांग की। बताया जा रहा है कि कोल्ड ड्रिंक की कीमत 85 रुपये थी, लेकिन दोनों युवक केवल 75 रुपये ही देने लगे। जब होटल संचालक ने पूरे पैसे की मांग की और उधार देने से साफ इनकार कर दिया, तो दोनों युवक आगबबूला हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों युवकों ने होटल संचालक से बहस की और फिर अचानक होटल के अंदर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर जब होटल के कर्मचारी बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। 


होटल के भीतर कुछ देर तक अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बना रहा। इस दौरान होटल संचालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया। घटना के बाद होटल संचालक और कर्मचारियों में भय का माहौल है।


सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दबंगों की पूरी करतूत होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सामने आए फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी बेखौफ होकर होटल में घुसते हैं और संचालक व कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है।


घटना की सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


दिनदहाड़े होटल में घुसकर मारपीट की इस घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसे दबंगों पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आम लोगों और व्यवसायियों के बीच असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है।