Bihar Crime News: भोजपुर जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राकेश रंजन उर्फ राकेश रंजन ओझा की हत्या की कथित साजिश का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। विधायक के नाम से मिले एक गुमनाम पत्र के आधार पर करनामेपुर थाने में भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक समेत चार लोगों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया गया है।



विधायक राकेश रंजन ओझा के बयान पर थाने में केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपितों में भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा के अधीक्षक राजीव कुमार झा, आरा कोर्ट बम ब्लास्ट मामले के आरोपित लंबू शर्मा, बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी कुबेर मिश्रा और करनामेपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी हरीश मिश्रा शामिल हैं।



विधायक के अनुसार, 8 जुलाई को उनके पैतृक आवास ओझवलिया में डाक के माध्यम से उनके नाम से एक गुमनाम पत्र पहुंचा था। पत्र भेजने वाले के रूप में विकास कुमार, शाहपुर, भोजपुर का पता दर्ज था। पत्र में दावा किया गया था कि भागलपुर जेल में बंद लंबू शर्मा, कुबेर मिश्रा और हरीश मिश्रा मिलकर विधायक की हत्या की साजिश रच रहे हैं।



गुमनाम पत्र में जेल अधीक्षक पर भी आरोप लगाए गए थे कि वे कथित तौर पर बंदियों को सेल से बाहर निकालकर उनसे अलग बातचीत कर रहे हैं और साजिश में सहयोग कर रहे हैं। पत्र में यह भी दावा किया गया था कि विधायक की हत्या के लिए हैंड ग्रेनेड की व्यवस्था की जा रही है और लंबू शर्मा के कथित शूटर के माध्यम से योजना बनाई जा रही है।



पत्र मिलने के बाद विधायक ने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दी और पत्र पुलिस को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच के बाद करनामेपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।



पुलिस टीम अब गुमनाम पत्र में किए गए दावों, नामजद आरोपितों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक षड्यंत्र के आरोपों की जांच जारी है।



इस घटना को लेकर भोजपुर में विधायक परिवार से जुड़े पुराने मामलों की भी चर्चा हो रही है। करीब दस वर्ष पहले भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक राकेश रंजन ओझा के पिता विशेश्वर ओझा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 12 फरवरी 2016 को शाहपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसा बाजार के पास शादी समारोह से लौटने के दौरान अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया था।



इसके अलावा विधायक राकेश रंजन ओझा पर 16 अप्रैल 2025 को भी गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें शाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अब हत्या की कथित साजिश के नए मामले के सामने आने के बाद पुलिस सभी घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।