Bihar Crime News: दशहरा पर्व को देखते हुए भोजपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग की टीम ने बिहियां चौरास्ता मेन रोड पर छापेमारी कर छह चक्का DCM ट्रक के गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान ट्रक चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है।



मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी भोजपुर के आदेश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है।



सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त ने निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, भोजपुर तथा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने बिहियां थाना क्षेत्र के बिहियां चौरास्ता मेन रोड पर छापेमारी की।



छापेमारी के दौरान उत्तर प्रदेश नंबर के छह चक्का DCM ट्रक (UP86AT-1928) की तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद की गई। शराब को पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचाकर ले जाने की कोशिश की जा रही थी।



विभाग के अनुसार, ट्रक से इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की की 180 एमएल की 9,792 बोतलें, 375 एमएल की 3,744 बोतलें और 750 एमएल की 504 बोतलें बरामद की गईं। कुल 14,040 बोतलों में लगभग 3,544.56 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।



इस मामले में ट्रक चालक कुलवीर सिंह, पिता स्वर्गीय सूरत सिंह, निवासी न्यू रोशनपुरा, थाना नजफगढ़, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली तथा सतीश कुमार, पिता जगत सिंह, निवासी रोहतक, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार, उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी जारी है।



इस संयुक्त छापेमारी अभियान में निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मदन लाल यादव, सहायक अवर निरीक्षक राणा विकास समेत मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे। मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। दशहरा पर्व के मद्देनजर वाहन जांच और निगरानी को भी तेज किया गया है।