BHAGALPUR : भागलपुर में वर्चस्व को लेकर अपराधियों ने एक कुख्यात अपराधी के घर पर फायरिंग और बमबाजी की घटना को अंजाम दिया है। घटना बबरगंज थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद स्थित पैट्रोल पंप के पास की है। यहां शनिवार की सुबह अपराधियों ने कुख्यात अपराधी फिरोज के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।


इस दौरान अपराधियों ने बमबाजी की घटना को भी अंजाम दिया। सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि बीते दिनों आरोपियों के भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद को सुलझाने के लिए फिरोज को बुलाया गया था।


आशंका जताई जा रही है कि इसी बात को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है हालांकि कुख्यात फिरोज की पत्नी की मानें तो स्थानीय अपराधियों ने लूटपाट की घटना को अंजाम देने के लिए अपराधियों द्वारा हमला किया गया है। जानकारी के मुताबिक कुख्यात फिरोज ने वर्चस्व कायम करने के लिए अपने मोहल्ले के पास शुक्रवार को दहशत फैलाने के लिए दो-तीन राउंड फायरिंग किया था। 


घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बबरगंज थाने की पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया था। घटना को लेकर पुलिस ने फिरोज के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला फिरोज पर दर्ज किया है। पुलिस की मानें तो फिरोज का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई बार जेल भी जा चुका है।