Bihar Crime News: मुंगेर के कल्याणपुर में दुर्गा पूजा का मेला देखकर घर लौट रहे युवकों के साथ देर रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूटपाट की घटनाएं हुईं. लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने दो युवकों को गोली मारकर घायल कर दिया. एक युवक के कंधे में, जबकि दूसरे के पैर में गोली लगी है. दोनों को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें एक घायल को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किए जाने की जानकारी है.
पहली घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र की है. मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर ओवरब्रिज के पास देर रात करीब 2:30 बजे छह अपराधियों ने दो युवकों को रोक लिया और उनके साथ लूटपाट की. दोनों युवक बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के रहने वाले बताए गए हैं. उनकी पहचान विमल कुमार, पिता सुनील मांझी और दीपक कुमार, पिता उदय नारायण सिंह के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मुंगेर के कल्याणपुर में दुर्गा पूजा का मेला देखने गए थे. मेला देखने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान ओवरब्रिज के पास अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और मोबाइल फोन के साथ करीब छह हजार रुपये लूट लिए.
लूट का विरोध करने पर गोली मारने का आरोप
आरोप है कि लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने विमल कुमार पर गोली चला दी. गोली उनके कंधे में लगी. वहीं, उनके साथी दीपक कुमार के साथ मारपीट की गई. घटना के बाद घायल विमल को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया. बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है.
दूसरी घटना संग्रामपुर थाना क्षेत्र में हुई. यहां भी दुर्गा पूजा का मेला देखकर लौट रहे एक युवक को अपराधियों ने लूटपाट के दौरान गोली मार दी. घायल युवक की पहचान बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के सौताडीह निवासी 40 वर्षीय कंचन कुमार सिंह के रूप में हुई है. वह स्व. दिलीप प्रसाद सिंह के पुत्र हैं.
बताया गया कि कंचन कुमार सिंह भी दुर्गा पूजा का मेला देखकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें रोककर लूटपाट की. विरोध करने पर अपराधियों ने गोली चला दी. गोली उनके पैर में लगी और आर-पार हो गई.
घटना के बाद कंचन कुमार सिंह को देर रात इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लाया गया. चिकित्सकों ने उन्हें हड्डी वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया. जानकारी के अनुसार, उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है. अधिक खून बहने के कारण चिकित्सकों ने उनकी हालत पर निगरानी रखी.
एक ही रात दो थाना क्षेत्रों में हुई लूट और गोलीबारी की घटनाओं से देर रात मेला देखकर घर लौटने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. दोनों मामलों में पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.