Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर जिले से अपराध की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। मामला मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के गणेशी बाग इलाके का है। यहां हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर महिला को बंधक बनाया और लाखों रुपये के जेवर समेत नगद कैश लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।



पीड़ित महिला नीतू देवी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह घर पर अकेली थीं और अपने बच्चों के स्कूल से लौटने का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान अचानक पांच की संख्या में आए हथियारबंद अपराधी जबरन घर में घुस गए। विरोध करने पर अपराधियों ने महिला का मुंह दबा दिया और हथियार के बल पर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल डाला और लगभग 5 से 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर तथा 50,000 नगद कैश लूटकर आसानी से फरार हो गए।



घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अतुलेश झा और मधुसुदनपुर थाना अध्यक्ष संजय मंडल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL और इंटेलिजेंस की टीमों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक साक्ष्यों को इकट्ठा कर रही हैं।



मामले को लेकर सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि प्राथमिक तौर पर तीन से चार की संख्या में अपराधियों द्वारा लूटपाट की बात सामने आ रही है। घटनास्थल का मुआयना किया गया है। पुलिस की सभी विंग और थाना टीम एक्टिव हैं। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।