BETTIAH: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक महिला पर अपनी छह माह की मासूम बच्ची की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब आठ बजे बच्ची लगातार रो रही थी। परिजनों का कहना है कि उसकी मां उसे शांत कराने का प्रयास कर रही थी, लेकिन बच्ची के नहीं चुप होने पर महिला ने कथित तौर पर गुस्से में आकर सब्जी काटने वाले हसुए से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद महिला ने भी उसी हथियार से खुद को घायल कर आत्महत्या का प्रयास किया। शोर सुनकर बच्ची की दादी मौके पर पहुंचीं और किसी तरह महिला से हथियार छीन लिया। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। मृत बच्ची की पहचान छह माह की पूजा कुमारी के रूप में हुई है। उसके पिता सुनील दास चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। बच्ची की दादी के आवेदन पर गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हसुए को बरामद कर लिया है।
गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया है। वहीं, महिला के गले पर चोट के कारण इलाज के दौरान चार टांके लगाए गए हैं।
बेतिया से संतोष की रिपोर्ट