Bihar Crime News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम से करोड़ों रुपये के आभूषणों की लूट के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट है। लूटकांड की जांच तेज कर दी गई है। डीआईजी ने घटनास्थल पर करीब सात घंटे तक रहकर पूरे मामले की गहन पड़ताल की। 





उन्होंने शोरूम के अंदर वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच की जानकारी ली। जांच के बाद बाहर निकले डीआईजी ने भरोसा दिलाया कि अगले दो दिनों के भीतर लूटकांड का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।





डीआईजी ने बताया कि लूटकांड की जांच के लिए गठित एसआईटी को अलग-अलग बिंदुओं पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। बदमाशों की तलाश में आसपास के जिलों के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।





पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और वारदात को अंजाम देने के तरीके की बारीकी से जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।





पुलिस शोरूम के स्टॉक का मिलान कर लूटे गए आभूषणों की सही संख्या और कीमत का पता लगाने में जुटी है। डीआईजी के मुताबिक, शोरूम में छोटे-छोटे आकार के कई आभूषण हैं। प्रत्येक आभूषण पर लगे टैग के आधार पर उनका मिलान किया जा रहा है। इस काम में शोरूम के कर्मचारियों के साथ पुलिस की टीम भी जुटी हुई है। आभूषणों की संख्या और पहचान का सत्यापन करने में समय लग रहा है।





घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटनास्थल से मिले सुरागों का तकनीकी जांच के साथ मिलान किया जा रहा है, ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके।





लूटकांड की जांच में पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। खोजी कुत्ते को शोरूम से छोड़ा गया तो वह पूर्व दिशा में स्टेशन चौक की ओर बढ़ा। इसके बाद स्टेशन चौक के पास स्थित आदित्य विजन शोरूम की तरफ से मुड़ते हुए करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बानूछापर तक पहुंच गया।





इस दौरान पुलिस की टीम खोजी कुत्ते के पीछे-पीछे चलती रही। बानूछापर पहुंचने के बाद डॉग स्क्वायड से मिले संकेतों के आधार पर आसपास के इलाकों में छानबीन की गई। फिलहाल पुलिस की कई टीमें लूटकांड के खुलासे में जुटी हैं। सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य, डॉग स्क्वायड के संकेत और तकनीकी जांच के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।