BETTIAH: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी अब विवाद और न्याय की गुहार तक पहुंच गई है। पूर्वी चंपारण के पिपरा कोठी में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अप्पू कुमार पर उनकी पत्नी श्वेता कुमारी ने शादी के महज छह महीने बाद साथ छोड़ने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और तलाक के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। श्वेता का दावा है कि पति और उनके परिवार की ओर से रिश्ता खत्म करने के बदले 40 लाख रुपये लेने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों पर पति पक्ष का बयान सामने नहीं आया है।
श्वेता ने बताया कि करीब तीन-चार साल पहले वह पटना में रहकर बीपीएससी की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से उनकी पहचान पश्चिम चंपारण के लालगढ़, सिंहाछापर निवासी अप्पू कुमार से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का दावा है कि यह रिश्ता करीब तीन साल तक चला।
शादी का वादा तोड़ने पर दर्ज कराई थी प्राथमिकी
श्वेता ने आरोप लगाया कि प्रेम संबंध के दौरान अप्पू उन पर मिलने का दबाव बनाते थे। एक बार उनकी इच्छा के विरुद्ध पटना के एक होटल में ले जाकर जबरदस्ती की गई। महिला का दावा है कि इस घटना के बाद वह किसी तरह वहां से निकली थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में दो बार गर्भवती होने पर उन पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया। श्वेता के मुताबिक, दोनों बार उनका गर्भपात कराया गया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
महिला का कहना है कि अप्पू ने शादी का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में शादी करने से मुकर गए। इसके बाद उन्होंने मोतिहारी महिला थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। श्वेता के अनुसार, कानूनी कार्रवाई के बाद 16 मई 2026 को महिला थाना प्रभारी की मौजूदगी में शिव मंदिर में दोनों की शादी हुई।
शादी के बाद भी नहीं मिला पत्नी का अधिकार
श्वेता का आरोप है कि शादी के बाद उन्हें लगा था कि अब सबकुछ ठीक हो जाएगा, लेकिन कुछ समय बाद पति का व्यवहार बदल गया। उनका कहना है कि शादी की तस्वीरें और जरूरी दस्तावेज भी उन्हें उपलब्ध नहीं कराए गए। महिला ने यह भी दावा किया कि महिला थाने में दर्ज मामले के दौरान उन पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया था। मानसिक तनाव और पति पर भरोसे के कारण उन्होंने उस समय उनके पक्ष में बयान दिया।
40 लाख रुपये लेकर रिश्ता खत्म करने का आरोप
श्वेता का आरोप है कि अप्पू कुमार ने अपनी सरकारी नौकरी बचाने के लिए उनसे शादी की थी। अब पति और उनके परिजन उन्हें साथ रखने को तैयार नहीं हैं। महिला के मुताबिक, उन्हें 40 लाख रुपये लेकर रिश्ता खत्म करने और पति को तलाक देने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार करते हुए कहा कि वह पैसे नहीं, बल्कि अपने पति के साथ रहना और पत्नी का अधिकार पाना चाहती हैं।
4 नवंबर को ससुराल पहुंचीं, घर में नहीं मिली जगह
श्वेता ने बताया कि 4 नवंबर को वह अपने पति के घर पहुंचीं। इससे पहले उन्होंने मुफस्सिल थाने में आवेदन भी दिया था। उन्हें उम्मीद थी कि ससुराल वाले उन्हें स्वीकार कर लेंगे, लेकिन आरोप है कि घर पहुंचने पर उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। परिजनों ने कथित तौर पर कहा कि पहले अप्पू कुमार को खोजकर लाओ, उसके बाद ही कोई बात होगी।
महिला ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति के एक दोस्त ने फोन कर उन्हें तलाक देने की धमकी दी। श्वेता के अनुसार, उक्त व्यक्ति भी बिहार में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी है और पिपरा कोठी में तैनात है। उसने कथित तौर पर अप्पू से रिश्ता खत्म नहीं करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।
फिलहाल श्वेता पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रही हैं। उनका कहना है कि वह अपना परिवार छोड़कर पति के साथ जीवन बिताने आई थीं, लेकिन अब उन्हें कहीं सहारा नहीं मिल रहा है। मामले में पति पक्ष का जवाब और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। महिला की ओर से लगाए गए सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट