Bihar Crime News: बेगूसराय से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां नेशनल स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार पर हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर दिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह हमला कोई सामान्य आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि सुनियोजित सुपारी किलिंग की साजिश थी, जिसे गर्लफ्रेंड विवाद को लेकर अंजाम दिया गया।


जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को नगर थाना क्षेत्र के ममता होटल के समीप शाम करीब 3:45 बजे मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या-160/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड का खुलासा किया।


पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुख्यात अपराधी मुरारी कुमार को गिरफ्तार किया, जो लाखो थाना क्षेत्र के इनियार गांव निवासी सुशील सिंह का पुत्र है। उसकी निशानदेही पर इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी मंगल कुमार, जो बलिया थाना क्षेत्र के गोखले नगर बिशनपुर दियारा निवासी अखिलेश कुमार उर्फ अरुण का पुत्र है, को भी इस कांड में गिरफ्तार किया गया। मंगल कुमार पहले से ही दरभंगा में सोना लूट कांड और एसटीएफ मुठभेड़ में घायल होने के मामले में पकड़ा गया था।


पूछताछ के दौरान मुरारी कुमार ने पुलिस को बताया कि घायल गोविंद कुमार और भूपेंद्र कुमार के बीच पहले से दोस्ती थी, लेकिन बाद में गर्लफ्रेंड को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद से आहत होकर भूपेंद्र कुमार ने गोविंद को रास्ते से हटाने के लिए करीब 4 से 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी।


सुपारी मिलने के बाद मुरारी कुमार ने अपने साथियों मंगल कुमार और शिवम कुमार के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई। घटना के दिन तीनों अपराधी एक बाइक पर सवार होकर ममता होटल के पास पहुंचे और गोविंद कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।


जांच में यह भी सामने आया कि इस साजिश में प्रिंस कुमार की भूमिका मुखबिर के रूप में थी, जो लगातार गोविंद कुमार की गतिविधियों की जानकारी आरोपियों तक पहुंचा रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी दरभंगा जिले में छिप गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वहीं इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता भूपेंद्र कुमार, शिवम कुमार और प्रिंस कुमार अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल बेगूसराय पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, घायल वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार का इलाज पटना स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

रिपोर्ट- हरेराम दास, बेगूसराय