Bihar Crime News: बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने एक सब्जी और फल विक्रेता की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। मृतक की लाश मक्के के खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने पहले उसका गला घोंटा और फिर बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मक्के के खेत में फेंक दिया गया। घटना चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत स्थित तरबन्ना चौड़ की है। 



मृतक की पहचान शाहपुर निवासी रामोतार साह के पुत्र राजेंद्र साह (58) के रूप में हुई है। राजेंद्र साह सब्जी और फल बेचने का काम करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रोजाना की तरह वह कामकाज के सिलसिले में घर से बाहर निकला था, लेकिन रक्षाबंधन की रात घर वापस नहीं लौटा।



काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रात में परिवार के लोग रक्षाबंधन के मौके पर व्यस्त भी थे। काफी तलाश के बावजूद राजेंद्र का कोई पता नहीं चला। इसके बाद सुबह मक्के के खेत में शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।



परिजनों का कहना है कि राजेंद्र साह की पहले गला दबाकर हत्या की गई और इसके बाद बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया। मौके से पुलिस ने उनकी साइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है। वहीं, मृतक के शरीर पर चोट के निशान और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।



मृतक के बेटे राहुल कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। जमीन विवाद से जुड़े होने की भी आशंका जताई गई है। परिजनों के अनुसार, राजेंद्र साह को पहले धमकी भी दी गई थी। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एक शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने का अंदेशा है।



पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL और डॉग स्क्वायड की टीम को जांच में लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण और हत्या के तरीके की तस्वीर और साफ होगी। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, जमीन विवाद की भूमिका और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।