Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय में पार्वती ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। फुलवड़िया थाना क्षेत्र में 16 अक्टूबर को हुई लूट की वारदात में शामिल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के साथ वारदात में इस्तेमाल हथियार और कारतूस भी जब्त किए हैं। बरामद सामान में करीब 1 किलो 440 ग्राम चांदी के पायल, 443 पीस मोती की माला, एक पिस्टल और एक देसी कट्टा शामिल हैं।




एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी मनीष ने इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए डीआईयू, बेगूसराय और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने समन्वित तरीके से काम किया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान की। इसके बाद बिहार के विभिन्न जिलों, कोलकाता और झारखंड तक कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।




16 अक्टूबर को पार्वती ज्वेलर्स में हुई लूट के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज की। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच में वारदात के दौरान दो बाइक के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान करते हुए उनकी तलाश शुरू की।




जांच के दौरान राम उपकार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके बगीचे से एक पल्सर-220 सीसी बाइक और एक लाल रंग की बाइक जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राम उपकार सिंह ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने भांजे राजवर्धन समेत अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। वह गिरफ्तार छह वयस्क आरोपितों की सूची में शामिल नहीं है।




पुलिस ने 20 अक्टूबर को तेघड़ा थाना क्षेत्र के दुलारपुर पोठियागाछी निवासी अंशुमान कुमार उर्फ मिट्टू को गिरफ्तार किया। 24 अक्टूबर को कोलकाता के अयूबनगर से मोहम्मद राजा उर्फ मुन्ना को हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर वीरपुर थाना क्षेत्र के दिघवे टोला गाछी से लूटे गए आभूषणों का खाली डिब्बा, 400 पीस मोती और अन्य सामान बरामद किए गए।




इसी दिन तेघड़ा थाना क्षेत्र के दनियालपुर निवासी मोहम्मद अब्दुल रहमान उर्फ शादाब को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 26 अक्टूबर को झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र से लखीसराय जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के ओलीपुर निवासी माधव कुमार उर्फ माधव कश्यप को गिरफ्तार किया।




इसके बाद 27 अक्टूबर को माधव की निशानदेही पर लखीसराय जिले के रामचंद्रपुर अंतर्गत निलबहारी गाछी से राजवर्धन और कन्हैया उर्फ कारू उर्फ कालिया को गिरफ्तार किया गया। इसी कार्रवाई में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया।




पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छह वयस्क आरोपितों में मोहम्मद राजा उर्फ मुन्ना, अंशुमान कुमार उर्फ मिट्टू, मोहम्मद अब्दुल रहमान उर्फ शादाब, माधव कुमार उर्फ माधव कश्यप, राजवर्धन और कन्हैया उर्फ कारू उर्फ कालिया शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर करीब 1 किलो 440 ग्राम चांदी के पायल और 443 पीस मोती की माला बरामद की है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार और गोलियां भी जब्त की गई हैं।



बरामद हथियारों में एक 7.65 एमएम पिस्टल, एक मैगजीन, 7.65 एमएम के आठ जिंदा कारतूस, दो खोखे, एक .315 बोर का देसी कट्टा और .315 बोर की पांच जिंदा गोलियां शामिल हैं। पुलिस ने घटना के समय पहना गया चप्पल, आर्मी कलर का गमछा और अन्य सामान भी बरामद किया है।




डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से मिले सुरागों को जोड़ते हुए मामले की कड़ियों को सुलझाया। अलग-अलग राज्यों और जिलों में की गई कार्रवाई के बाद छह वयस्क आरोपितों की गिरफ्तारी, एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध करने तथा लूटे गए आभूषणों और हथियारों की बरामदगी को पुलिस की अहम उपलब्धि माना जा रहा है।




एसपी मनीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मामले में शामिल आरोपितों तक पहुंचने और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए समन्वित प्रयास किया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।