Bihar Crime News: बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर वार्ड नंबर-3 में तीन दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोरी का शव घर के पास पानी भरे गड्ढे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। किशोरी के लापता होने और अब शव बरामद होने के बाद उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।



मृतका की पहचान पंचवीर वार्ड नंबर-3 निवासी चंदन मल्लिक की करीब 16 वर्षीय पुत्री सुमन कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुमन के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिजनों के मुताबिक, सुमन 3 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार ने साहेबपुर कमाल थाना पुलिस को इसकी सूचना दी और किशोरी की तलाश शुरू की गई।



इसी बीच करीब 72 घंटे बाद घर के पास ही पानी भरे गड्ढे से सुमन का शव बरामद होने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



मृतका के चाचा समेत परिजनों ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, पिछले करीब छह महीने से ज्ञान टोल, बहलोरिया शिव मंदिर इलाके के रहने वाले एक युवक से सुमन की बातचीत होती थी और दोनों के बीच कथित प्रेम-प्रसंग था। परिजनों का कहना है कि घर में एक ही मोबाइल फोन था और मौका मिलने पर सुमन उक्त युवक से घंटों बातचीत करती थी। परिवार को इसकी जानकारी मिलने के बाद सुमन के पिता ने युवक को उनकी बेटी से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी।



परिजनों ने आरोप लगाया है कि 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे उक्त युवक ने सुमन के पिता के मोबाइल पर फोन किया था और कथित तौर पर उनकी बेटी को घर से उठा ले जाने की धमकी दी थी। इसके अगले दिन सुमन के घर से लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस को युवक के संबंध में भी जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने युवक के घर जाकर पूछताछ की थी। इस दौरान युवक ने कथित तौर पर सुमन से वीडियो कॉल पर बातचीत करने की बात स्वीकार की थी।



परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पूछताछ के लिए युवक को हिरासत में लिया था, लेकिन कुछ घंटे बाद उसे छोड़ दिया गया। हालांकि, पुलिस द्वारा युवक को हिरासत में लेने और फिर छोड़ने के परिजनों के इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अब किशोरी का शव मिलने के बाद परिवार युवक की भूमिका की जांच की मांग कर रहा है। सुमन की मौत आखिर कैसे हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। क्या वह पानी भरे गड्ढे में दुर्घटनावश गिरी, या मामला आत्महत्या का है, अथवा इसके पीछे किसी साजिश की आशंका है, इन सवालों का जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।



फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बेगूसराय सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, किशोरी की मौत को लेकर पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।