Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कविया गांव में बुधवार रात हुई 60 वर्षीय किसान सुनील कुमार सिंह की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सनगाहा बांध के किनारे अपराधियों ने पहले बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और जब इससे भी मन नहीं भरा तो धारदार हथियार से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं तेघड़ा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर हत्या के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
परिजनों के अनुसार, सुनील कुमार सिंह अपनी बीमार पत्नी रजनी देवी के लिए दवा लाने बाइक से घर से निकले थे। वह घर से करीब 700 मीटर से एक किलोमीटर दूर सनगाहा बांध के पास स्थित मेडिकल दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
मृतक के भतीजे श्याम किशोर सिंह ने बताया कि अपराधियों ने पहले उन्हें रोककर हमला किया और फिर बेहद करीब से पेट, सिर और गर्दन को निशाना बनाते हुए चार गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने धारदार हथियार से भी हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर रात अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। कुछ देर बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो सड़क किनारे खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था। शव के चारों ओर खून बिखरा हुआ था और बाइक भी वहीं गिरी मिली।
हत्या के पीछे आर्थिक लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही अभिषेक कुमार सिंह उर्फ झुनझुन ने करीब 12 वर्ष पहले सुनील सिंह से लगभग 4 लाख रुपये उधार लिए थे। लंबे समय बीत जाने के बावजूद रुपये वापस नहीं किए गए।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में सुनील सिंह लगातार अपनी रकम वापस मांग रहे थे। आरोप है कि रुपये लौटाने के बजाय जमीन देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री की गई और न ही पैसा लौटाया गया। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। हालांकि पुलिस अभी इस एंगल की भी जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों को खंगाल रही है।
घटना को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। जिस स्थान पर वारदात हुई, वह मृतक के घर से कुछ दूरी पर है। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुनील सिंह किसी काम से वहां गए थे या फिर उन्हें किसी बहाने से बुलाकर सुनियोजित तरीके से हत्या की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।