BEGUSARAI: बेगूसराय जिले में एक बार फिर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वीरपुर थाना क्षेत्र के सहुरी पंचायत स्थित बहियार के एक पोखर से शनिवार को करीब 25 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के बनहरा गांव निवासी स्वर्गीय राजेंद्र सहनी के पुत्र दशरथ सहनी के रूप में हुई है। वह बरौनी प्रखंड की सहुरी पंचायत में स्वच्छता पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत था।
इस घटना का एक अहम पारिवारिक और राजनीतिक पहलू भी सामने आया है। मृतक दशरथ सहनी सहुरी पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी के भाई थे। वहीं, उनके बहनोई जयजय राम सहनी VIP पार्टी के बेगूसराय जिलाध्यक्ष होने के साथ-साथ मुखिया प्रतिनिधि भी हैं। चार दिनों से लापता युवक का शव पोखर में मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
चार दिनों से लापता था दशरथ, मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था घर से
जानकारी के अनुसार, दशरथ सहनी 4 नवंबर की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने 6 नवंबर को वीरपुर थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया था। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
इसी बीच शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि सहुरी बहियार स्थित पोखर में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वीरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पोखर से बाहर निकलवाया। बाद में शव की पहचान दशरथ सहनी के रूप में हुई। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
पीटकर अधमरा करने और गले में फंदा लगाकर हत्या की आशंका
घटना को लेकर उपप्रमुख प्रतिनिधि रंजन कुमार सिंह ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि युवक को पहले बेरहमी से पीटकर अधमरा किया गया और फिर गले में फंदा लगाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद हाथ पैर बांधकर शव को पोखर में फेंक दिया गया। हालांकि, हत्या के इस तरीके की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं, वीरपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि किसी ने युवक की हत्या कर शव को पोखर में फेंक दिया है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
सदर डीएसपी-2 ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना पर सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति भी घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की छानबीन की। उन्होंने बताया कि युवक का शव बहियार स्थित पोखर से बरामद किया गया है। फिलहाल परिजन घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं। परिजनों के आवेदन और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल दशरथ सहनी की हत्या किसने और किस वजह से की, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं, उनकी मौत किस हथियार या तरीके से हुई, यह भी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि दशरथ सहनी की मौत किस कारण और किस तरीके से हुई है। पुलिस आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
एक पंचायत की मुखिया के भाई और VIP पार्टी के जिलाध्यक्ष के साले की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं कि आखिर चार दिनों से लापता दशरथ सहनी की हत्या के पीछे किसका हाथ है और इस वारदात को अंजाम देने की वजह क्या थी।