Bihar Crime News: बेगूसराय शहर के बस स्टैंड के पास दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना का बेगूसराय पुलिस ने महज नौ दिनों के भीतर उद्भेदन कर दिया है। 7 अक्टूबर की सुबह हुई इस वारदात में तीन लोगों के घायल होने के बाद पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। अब मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दो कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को गोलीकांड की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है।



पुलिस के अनुसार, बस स्टैंड के पास अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी कर इलाके में दहशत फैला दी थी। इस घटना में फल विक्रेता अर्जुन साह और कुख्यात बदमाश मनोज पासवान समेत तीन लोग घायल हुए थे। मामले में नगर थाना बेगूसराय में कांड संख्या 470/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।



घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की गई। सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का एफएसएल टीम ने निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। 16 अक्टूबर को हर्ष कुमार को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। उसके बयान के आधार पर मामले में कथित रूप से शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने शिवम कुमार और नंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।



पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शिवम कुमार और नंदन कुमार की निशानदेही पर मटिहानी थाना क्षेत्र के लबरचक टोला स्थित गैस गोदाम के पास से दो कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस अब बरामद हथियारों की घटना में संभावित भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गोलीकांड में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। मोटरसाइकिल गिरफ्तार आरोपी नंदन कुमार के रामदीरी स्थित घर से बरामद की गई।