DESK:शादी के 5 महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। विवाहिता की लाश घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मायके वालों ने कम दहेज लाने की बात कह ससुरालवालों पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। फिलहाल पुलिस घटना के तमाम बिन्दुओं की जांच में जुटी है।


घटना उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के तजुआ गांव की है। मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 


22 अप्रैल 2026 को हुई थी शादी

बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के अहमदाबाद गांव निवासी किसान राम सिंह ने अपनी बेटी संगीता की शादी 22 अप्रैल 2026 को भोजीपुरा के तजुआ गांव निवासी धारा सिंह के साथ की थी। मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले संगीता को कम दहेज लाने के लिए ताने देने लगे थे। और दहेज की मांग को लेकर मृतका को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। 


मृतका संगीता ने कथित तौर पर कई बार फोन पर मायके वालों को ससुराल में हो रही परेशानी के बारे में बताया था। जिसके बाद उसके पिता राम सिंह ने बेटी के ससुराल पहुंचे थे और बेटी के ससुराल वालों को समझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका।


टीनशेड में फंदे से लटका मिला शव

संगीता की मौत की सूचना मिलने पर मायके वाले आनन-फानन में तजुआ गांव पहुंचे। वहां घर के टीनशेड में संगीता का शव कुंडे से फंदे पर लटका मिला। शव देखते ही मायके वालों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और धौंराटांडा चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


पति और ससुर हिरासत में, पांच पर FIR

मृतका के पिता राम सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर भोजीपुरा पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज की है। मामले में मृतका के पति धारा सिंह, ससुर जगदीश सिंह, ननद सुदामा, रजनी (पत्नी संतोष कुमार) और संतोष कुमार (निवासी करमपुर चौधरी, थाना इज्जतनगर) को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मृतका के पति धारा सिंह और ससुर जगदीश सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस की माने तो पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नवविवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से मृतका के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बेटी को न्याय दिलाने की मांग मायकेवाले पुलिस से कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। जिसके बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा।