Bihar Crime News: बिहार के बांका जिले में मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। रजौन थाना क्षेत्र की मझगांय डरपा पंचायत के कैथा गांव में गोली लगने से 19 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान रंजीत मंडल की पत्नी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है। लक्ष्मी की शादी महज छह महीने पहले ही रंजीत मंडल से हुई थी।



घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा और थानाध्यक्ष अभय शंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



इधर, घटना के बाद मृतका का पति रंजीत मंडल, ससुर सीताराम मंडल समेत ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। गांव में चर्चा है कि घर में हथियार की सफाई के दौरान अचानक गोली चल गई, जिसकी चपेट में लक्ष्मी आ गई। हालांकि, गोली किन परिस्थितियों में चली और नवविवाहिता को कैसे लगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।



पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गोली कैसे चली और नवविवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई।