DESK:असम के नगांव से धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जुम्माउद्दीन अहमद नाम के एक शख्स पर फर्जी पहचान और दस्तावेजों के सहारे छह हिंदू युवतियों से शादी करने का आरोप लगा है।


 आरोपी कभी खुद को राजू बोरा, तो कभी उत्पल बोरा और उत्पल सैकिया बताकर युवतियों को अपने प्रेमजाल में फंसाता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


दरअसल, नगांव जिले की खटवाल पुलिस ने आरोपी जुम्माउद्दीन अहमद को सोनाईबाली इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग इलाकों में अपनी पहचान बदलकर युवतियों से संपर्क करता था। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने फर्जी नामों से ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेज भी बनवा रखे थे।


मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, साल 2001 में आरोपी ने तेजपुर की बोड़ो समुदाय की एक युवती से राजू बोरा के नाम से शादी की थी। इसके बाद उसने कलियाबर, कार्बी आंगलोंग और तेजपुर समेत अलग-अलग इलाकों की युवतियों को निशाना बनाया। आरोप है कि इसी तरह उसने कुल छह युवतियों से शादी की और हर बार अपनी असली पहचान छिपाई।


आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उस पर साल 2010 में दो अहोम युवतियों के साथ दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगा था। इस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था।


वहीं, आरोपी की पहली पत्नी रंजू मुसाहारी उर्फ फरीदा बेगम ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने इस मामले में कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई।


 फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने फर्जी पहचान के जरिए कितनी युवतियों को अपने जाल में फंसाया और इस धोखाधड़ी में किन-किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। हालांकि, मामले में लगाए गए सभी आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।