Bihar Crime News: अररिया के सिकटी में बकरा नदी किनारे बालू में दफन 18 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. युवक सोमवार शाम दोस्तों के साथ दशहरा मेला और देवी जागरण देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा. बुधवार शाम नदी किनारे बालू में शव मिलने के बाद परिजनों ने उसके पांच दोस्तों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है. युवक के सिर पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.


मामला सिकटी थाना क्षेत्र के ठेंगापुर पंचायत के पड़रिया वार्ड संख्या-6 स्थित बकरा नदी किनारे का है. मृतक की पहचान खोरागाछ पंचायत के वार्ड संख्या-2 निवासी रामटहल राम के 18 वर्षीय बेटे पंकज कुमार राम के रूप में हुई है.


सोमवार शाम दोस्तों के साथ निकला था पंकज

परिजनों के अनुसार, पंकज सोमवार शाम अपने दोस्तों के साथ दशहरा मेला और देवी जागरण देखने के लिए बरदाहा जाने की बात कहकर घर से निकला था. देर रात जब उसकी बहन ने खाना खाने के लिए फोन किया तो पंकज ने बताया कि वह देवी जागरण देखने जा रहा है और रात में खाना खाने घर नहीं आ सकेगा. इसके बाद फोन कट गया.


पंकज मंगलवार को भी घर नहीं लौटा. इसके बाद परिवार के लोग परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला. परिजनों ने मंगलवार को ही इसकी सूचना सिकटी पुलिस को दी थी.


बुधवार शाम पड़रिया घाट के पास कुछ ग्रामीण मवेशी चराने गए थे. इसी दौरान उन्हें वहां से दुर्गंध आने का एहसास हुआ. जब ग्रामीण उस जगह पहुंचे तो वहां ताजा बालू खुदा हुआ दिखाई दिया और बालू के बाहर कपड़ा नजर आ रहा था. शक होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.


सूचना मिलते ही सिकटी थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्र और बरदाहा थानाध्यक्ष इम्तियाज खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बालू हटाकर शव को बाहर निकाला. शव की पहचान पंकज कुमार राम के रूप में हुई. उसके सिर पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं.


मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि पंकज को उसके दोस्तों के साथ किसी विवाद को लेकर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. परिजनों का आरोप है कि पंकज की हत्या में उसके पांच दोस्त शामिल हो सकते हैं. हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.


पंकज मजदूरी करता था और परिवार के भरण-पोषण के लिए केरल में काम करता था. दुर्गापूजा के मौके पर कुछ दिन पहले ही वह घर लौटा था. परिवार के अनुसार, घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.


पंकज का शव मिलने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मां शांति देवी और पिता रामटहल राम का रो-रोकर बुरा हाल है. युवक की मौत की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है.


सिकटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. सिकटी थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.