ARARIA:बिहार के सीमांचल क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने कबाड़ और इंसानी बालों की आड़ में चल रहे अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के रहने वाले 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को इनके बांग्लादेशी नेटवर्क से जुड़े होने की भी आशंका है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, अररिया जिले में तैनात 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा की ‘डी’ समवाय कुशमाहा अंतर्गत सीमा चौकी बेरियारी के जवान रविवार को नियमित गश्ती और निगरानी अभियान पर थे। इसी दौरान भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 178 के पास भारतीय क्षेत्र में करीब 300 मीटर अंदर कुछ संदिग्ध लोग साइकिलों पर बड़े-बड़े बोरे लादकर नेपाल सीमा की ओर जाते दिखाई दिए।
एसएसबी जवानों ने तत्काल घेराबंदी कर सभी को रोक लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुद को कबाड़ी बताया और कहा कि बोरों में इंसानी बाल भरे हैं। हालांकि, इंसानी बाल हल्के होते हैं, लेकिन बोरों का वजन असामान्य रूप से ज्यादा था। शक होने पर जवानों ने जब बोरों की तलाशी ली तो बड़ा खुलासा हुआ।
इंसानी बालों में मिला कारतूसों का जखीरा
तलाशी के दौरान मानव बालों के नीचे छिपाकर रखे गए 5.56 एमएम के 73 खाली कारतूस और 9 एमएम के 7 खाली कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 150 किलोग्राम इंसानी बाल, लगभग 30 किलोग्राम धातु के उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 6 साइकिलें भी जब्त की गईं।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी नासिर अहमद (43), रफीकुल शेख (42), बिलाल शेख (46), जुल्फीकार एसके (37), अनिशूर शेख (51) और राजन अली शेख (37) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि सभी तस्कर कबाड़ी के वेश में लंबे समय से सीमा क्षेत्र में घूमकर संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में सख्ती बढ़ने के बाद अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध लोग अब बिहार के सीमांचल और नेपाल सीमा क्षेत्र की ओर रुख कर रहे हैं। पकड़े जाने से बचने के लिए वे कबाड़ और इंसानी बालों के कारोबार की आड़ ले रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, खाली कारतूसों की इतनी बड़ी खेप की तस्करी अवैध हथियार सप्लाई चेन और सीमा पार सक्रिय आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल एसएसबी ने सभी आरोपियों और बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए जोगबनी थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इस रैकेट के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और मुख्य सरगना की गिरफ्तारी में जुट गयी है।