Bihar Crime News: बिहार के अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रघुनाथपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित कचरा भवन में सोमवार दोपहर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की दोनों आंखें क्षतिग्रस्त थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया।




मृतक की पहचान रघुनाथपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी स्वर्गीय संदेव शर्मा के पुत्र चंदन कुमार शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, चंदन कुमार शर्मा रविवार रात नवरात्र के अवसर पर पड़ोसी गांव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए घर से निकला था। सोमवार सुबह तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।




इसी बीच, सोमवार दोपहर रघुनाथपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित कचरा भवन में बकरी चरा रहे कुछ लोगों ने एक युवक का शव देखा। शव देखकर बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में शव की पहचान चंदन कुमार शर्मा के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।




घटना की सूचना मिलने पर भरगामा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भरगामा के प्रभारी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि घटनास्थल से स्मैक पीने में इस्तेमाल होने वाला रैपर मिला है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।




उन्होंने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसकी आंखें किस तरह क्षतिग्रस्त हुईं, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।




ग्रामीणों के अनुसार, चंदन कुमार शर्मा नशे का आदी था। वह अक्सर नशा करने के लिए घर से निकल जाता था और उसके वापस लौटने का कोई निश्चित समय नहीं रहता था। हालांकि, उसकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही युवक की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।