Bihar Crime News: भोजपुर के आरा टाउन थाना क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर संदिग्ध स्थिति में बाइक सवार एक किशोर को गोली लग गई। गोली उसके बाएं साइड कमर के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी किशोर को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां से उसे शहर के महावीर टोला स्थित मेडिकॉन अस्पताल ले जाया गया। 



वहां प्राथमिक उपचार के बाद ऑपरेशन कर बुलेट निकाली गई। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। जख्मी किशोर की पहचान कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी मंजर सिंह के 16 वर्षीय पुत्र अमन सिंह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में टाउन थाना क्षेत्र के अहिरपुरवा मोहल्ले में किराए के मकान में रहता है।



इधर, जख्मी किशोर को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे उसके दोस्त अंकित प्रशांत पाठक ने बताया कि गुरुवार की दोपहर अमन बाइक से उसे छोड़ने के लिए तरी मोहल्ला आया था। उसे छोड़ने के बाद वह बाइक से वापस अहिरपुरवा लौट रहा था। इसी दौरान उसे किसी ने गोली मार दी। 



घटना के बाद अंकित प्रशांत पाठक के बड़े भाई ने फोन कर उसे इसकी जानकारी दी। घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। गोली लगने की वास्तविक वजह और घटना में शामिल व्यक्ति के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।