BEGUSARAI/PATNA: साइबर थाने की पुलिस ने एक ऐसे शातिर को गिरफ्तार किया है, जो फेसबुक-इंस्टाग्राम-एक्स अकाउंट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म से लड़कियों की तस्वीरें डाउनलोड करता था, लड़कियों की तस्वीरों को AI की मदद से अश्लील फोटो बना देता था। तैयार किये गये न्यूड फोटोज को फिर वो उन लड़कियों और उनके परिजनों को भेज देता था, जिसके बाद से ब्लैकमेल कर उनसे पैसे की वसूली किया करता था।
इस हैरतअंगेज मामले का खुलासा तब हुआ जब बिहार के बेगूसराय की रहने वाली एक पीड़ित लड़की की मां ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर भी दर्ज कराया गया। जिसके बाद जांच शुरू की गई। पता चला कि आरोपी युवक पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र का रहने वाला है। जिसकी पहचान वार्ड 68 निवासी संजय कुमार के बेटे सांकृत के रूप में हुई है।
साइबर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुए पटना सिटी इलाका स्थित उसके घर पर छापेमारी की जहां से आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया। जब पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को खंगाला तब उसमें जो कुछ सामने आया उसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गयी। आरोपी सांकृत कुमार के मोबाइल गैलरी में 200 से ज्यादा नाबालिग लड़कियों की न्यूड तस्वीर थी जिसे उसने सोशल मीडिया अकाउंट से डाउनलोड करके एआई के माध्यम से बना रखा था। साइबर डीएसपी इमरान अहमद ने बताया कि मोबाइल में कई व्हाट्सएप ग्रुप भी मिले हैं, जिनमें वह इन तस्वीरों को साझा किया करता था। अब पुलिस इन ग्रुपों से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
ब्लैकमेल कर वसूले हजारों रुपये
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बेगूसराय की एक पीड़िता को डरा-धमकाकर करीब 20 हजार रुपये की वसूली की थी। ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खाते की भी पहचान कर ली गई है, जो आरोपी के नाम पर ही संचालित है। हालांकि पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया है कि उसका उद्देश्य पैसे वसूलना नहीं, बल्कि लड़कियों से संबंध बनाना था। पुलिस बैंक खातों और लेन-देन की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और कितनी रकम वसूली।
कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
साइबर थाना कांड संख्या 40/26 के तहत आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम और पोक्सो (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पर महिला की गरिमा भंग करने, धोखाधड़ी, जालसाजी, ब्लैकमेलिंग और नाबालिगों से संबंधित अश्लील सामग्री प्रसारित करने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
साइबर पुलिस की अपील
घटना के बाद साइबर पुलिस ने लोगों, विशेषकर युवाओं और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने सलाह दी है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स को प्राइवेट मोड में रखें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति आपकी तस्वीरों का दुरुपयोग कर ब्लैकमेल करता है, तो घबराएं नहीं और तुरंत साइबर थाना या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।