DESK: उत्तर प्रदेश के आगरा में पति की हत्या के चर्चित मामले में गिरफ्तार महिला रूबी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान वह भावुक हो गई और फूट फूटकर रोने लगी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, रूबी ने कोर्ट में कहा कि पति की हत्या कर उससे बहुत बड़ी गलती हो गई।
अभियोजन अधिकारी बृजभूषण कुशवाहा ने बताया कि पेशी के दौरान रूबी ने अपने ऊपर लगे आरोपों के संबंध में अदालत के समक्ष कथित तौर पर अपराध स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई जारी है और अदालत में दिए गए उसके बयान को भी न्यायिक प्रक्रिया के तहत रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा।
डेढ़ महीने तक छिपाती रही वारदात
पुलिस जांच के अनुसार, हत्या के बाद रूबी ने शव को घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया। इसके बाद बाथरूम का फर्श दोबारा बनवाकर उस पर नया सीमेंट प्लास्टर कराया गया, ताकि किसी को शव के बारे में संदेह न हो। जांच एजेंसियों का दावा है कि करीब 45 दिनों तक वह अलग-अलग बातें बताकर परिवार और पुलिस को गुमराह करती रही।
खीर में नींद की गोलियां मिलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले रूबी ने कथित तौर पर अपने पति सुरेंद्र शर्मा को खीर में 15 से 16 नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। जब वह बेहोश हो गए, तब उनकी हत्या कर दी गई।
बेटियों और सास को घर से भेजने के बाद दफनाया शव
जांच के अनुसार, अगले दिन रूबी ने अपनी दोनों बेटियों और सास को जेठ के घर भेज दिया। इसके बाद उसने अकेले ही शव को बाथरूम तक ले जाकर गड्ढे में दफना दिया। बाद में मिट्टी भरकर जमीन समतल की गई और मिस्त्री बुलाकर बाथरूम का फर्श ऊंचा कराने के बहाने नया सीमेंट प्लास्टर करवा दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह, पूरी घटना की जांच जारी है। वहीं, अदालत में मामले की सुनवाई चल रही है और आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।