Harjot Kaur Bamhra: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को नई अध्यक्ष मिल गई हैं. 1992 बैच की वरिष्ठ IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार, 24 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है. हरजोत कौर 29 नवंबर से BPSC अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगी. इसके लिए वह एक दिन पहले यानी 28 नवंबर को भारतीय प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेंगी.


इससे पहले हरजोत कौर को BPSC का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था. अब उन्हें आयोग की स्थायी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पदभार संभालने को लेकर उन्होंने कहा है कि परीक्षाओं का पारदर्शी तरीके से आयोजन कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.


कौन हैं हरजोत कौर बम्हरा?

हरजोत कौर बम्हरा बिहार कैडर की 1992 बैच की IAS अधिकारी हैं. उन्होंने इंटरनेशनल बिजनेस स्टडीज में एमए और एमफिल की पढ़ाई की है. इसके बाद UPSC परीक्षा पास कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में आईं.


अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने बिहार सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में काम किया है. इनमें कार्मिक विभाग, पर्यटन, भू-राजस्व, परिवहन और ग्रामीण विकास जैसे विभाग शामिल हैं. वह कटिहार और बेगूसराय की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं.


इसके अलावा उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम की अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली है. समाज कल्याण विभाग और खान एवं भूतत्व विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर भी काम कर चुकी हैं. केंद्र सरकार में भी उन्होंने उप सचिव और निदेशक के रूप में सेवाएं दी हैं.


सैनिटरी पैड और कंडोम वाले बयान से आई थीं चर्चा में

हरजोत कौर बम्हरा करीब चार साल पहले अपने एक बयान को लेकर काफी चर्चा में आई थीं. मामला पटना में UNICEF के एक कार्यक्रम का था, जहां एक छात्रा ने उनसे पूछा था कि क्या सरकार लड़कियों को 20-30 रुपये में सैनिटरी पैड उपलब्ध नहीं करा सकती है.


इस सवाल के जवाब में हरजोत कौर ने कहा था कि सरकार से ऐसी मांगों का अंत नहीं है. आज सैनिटरी पैड की मांग हो रही है, कल जींस-पैंट और फिर सुंदर जूतों की मांग भी की जा सकती है.


उन्होंने आगे परिवार नियोजन का जिक्र करते हुए कंडोम भी मुफ्त में उपलब्ध कराने की मांग का उदाहरण दिया था. उनके इस बयान के बाद काफी विवाद हुआ था और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था.


विवादों के बीच BPSC की कमान संभालेंगी हरजोत कौर

हरजोत कौर ऐसे समय में BPSC की अध्यक्ष बनने जा रही हैं, जब आयोग के सामने अभ्यर्थियों का भरोसा कायम करने की बड़ी चुनौती है. पिछले कुछ वर्षों में आयोग की कई परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सवाल उठे हैं.


13 दिसंबर 2024 को आयोजित 70वीं BPSC प्रारंभिक परीक्षा के दौरान पटना के बापू परीक्षा परिसर में अभ्यर्थियों ने हंगामा किया था. परीक्षा में प्रश्नपत्र से जुड़ी गड़बड़ी के आरोप भी लगे थे. इसके बाद आयोग ने इस केंद्र की परीक्षा रद्द कर 4 जनवरी 2025 को दोबारा परीक्षा कराई थी.


हालांकि, अभ्यर्थियों का एक बड़ा वर्ग पूरी परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़ा रहा. मामला पटना हाईकोर्ट तक भी पहुंचा था.


TRE-4 को लेकर भी अभ्यर्थियों में नाराजगी

BPSC के सामने दूसरी बड़ी चुनौती शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी TRE-4 को लेकर है. आयोग ने इस भर्ती के माध्यम से 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है.


लेकिन परीक्षा के पैटर्न, दो चरणों में परीक्षा कराने, नेगेटिव मार्किंग और बिहार के अभ्यर्थियों को डोमिसाइल के आधार पर प्राथमिकता देने जैसे मुद्दों पर अभ्यर्थियों ने विरोध जताया है.


ऐसे में नई अध्यक्ष के सामने परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और अभ्यर्थियों के बीच आयोग की विश्वसनीयता मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी.


6 साल या 62 वर्ष की उम्र तक रहेगा कार्यकाल

सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, हरजोत कौर बम्हरा का कार्यकाल 29 नवंबर 2026 से शुरू होगा. वह छह साल या 62 वर्ष की आयु पूरी होने तक इस पद पर रहेंगी. दोनों में से जो समय पहले पूरा होगा, उसी के आधार पर उनका कार्यकाल समाप्त होगा.


उन्हें 31 मई 2027 को IAS सेवा से सेवानिवृत्त होना था, लेकिन उन्होंने इससे पहले VRS के लिए आवेदन दिया था. सरकार ने उनका आवेदन स्वीकार कर लिया है.


अब 29 नवंबर से वह BPSC अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगी.