UPSC CSE Prelims 2026: संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 कल 24 मई को आयोजित होने जा रही है। देशभर के लाखों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। हर साल की तरह इस बार भी परीक्षा को लेकर छात्रों में काफी उत्साह और तनाव दोनों देखने को मिल रहा है। कोई आखिरी समय में नोट्स दोहरा रहा है तो कोई परीक्षा केंद्र और जरूरी दस्तावेजों की तैयारी में जुटा है। ऐसे में परीक्षा वाले दिन छोटी सी गलती भी परेशानी बढ़ा सकती है। इसी वजह से UPSC ने परीक्षा को लेकर कई जरूरी गाइडलाइन जारी की हैं, जिनका पालन हर उम्मीदवार के लिए जरूरी होगा।


समय का रखें खास ध्यान

आयोग ने साफ कहा है कि परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंचने वाले उम्मीदवारों को अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। UPSC प्रीलिम्स परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे आयोजित की जाएगी। लेकिन परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले ही गेट बंद कर दिए जाएंगे। यानी सुबह की परीक्षा के लिए 9 बजे के बाद और दूसरी शिफ्ट के लिए 2 बजे के बाद एंट्री नहीं मिलेगी।


सिर्फ काले बॉल पेन की होगी अनुमति

UPSC ने इस बार भी OMR शीट भरने के लिए केवल काले बॉल पेन की अनुमति दी है। आयोग ने कहा है कि ब्लैक बॉल पेन के अलावा किसी दूसरे पेन से भरे गए उत्तरों की जांच नहीं की जाएगी। इसलिए परीक्षा में शामिल होने जा रहे उम्मीदवार पहले से ही अपने साथ दो या तीन अच्छे ब्लैक बॉल पेन जरूर रखें।


एडमिट कार्ड और फोटो आईडी जरूरी

परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और ओरिजिनल फोटो आईडी ले जाना अनिवार्य होगा। उम्मीदवार वही पहचान पत्र लेकर जाएं जिसका नंबर एडमिट कार्ड पर दर्ज है। बिना वैध पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। कई बार छात्र जल्दबाजी में फोटो कॉपी या गलत आईडी लेकर पहुंच जाते हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।


फोटो साफ नहीं है तो ये काम जरूर करें

UPSC ने उन उम्मीदवारों के लिए भी अलग निर्देश जारी किए हैं जिनकी फोटो एडमिट कार्ड पर साफ नहीं दिख रही है। ऐसे उम्मीदवारों को दो पासपोर्ट साइज फोटो, एक फोटो आईडी और अंडरटेकिंग साथ ले जानी होगी। फोटो पर उम्मीदवार का नाम और फोटो खिंचवाने की तारीख भी लिखी होनी चाहिए।


मोबाइल और स्मार्ट वॉच पूरी तरह बैन

परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने के लिए आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर सख्त रोक लगा दी है। परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैमरा, पेन ड्राइव या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यहां तक कि बंद मोबाइल फोन भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।


सिर्फ सामान्य घड़ी पहनने की अनुमति

उम्मीदवार सामान्य कलाई घड़ी पहन सकते हैं, लेकिन स्मार्ट वॉच या डिजिटल घड़ी पूरी तरह बैन रहेगी। आयोग ने साफ कहा है कि ऐसी घड़ियां जिनका इस्तेमाल कम्युनिकेशन के लिए हो सकता है, उन्हें परीक्षा केंद्र में नहीं लाने दिया जाएगा।


बैग और कीमती सामान न ले जाएं

UPSC ने उम्मीदवारों को यह भी सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र पर बैग, पर्स या कीमती सामान लेकर न जाएं। ज्यादातर केंद्रों पर सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं होती। अगर कोई सामान खो जाता है तो उसकी जिम्मेदारी आयोग की नहीं होगी।


इस बार होगा फेस ऑथेंटिकेशन

इस बार परीक्षा में एक बड़ा बदलाव फेस ऑथेंटिकेशन को लेकर भी किया गया है। आयोग ने AI आधारित फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया है। इसके जरिए परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों की पहचान की जाएगी ताकि फर्जी अभ्यर्थियों और डमी कैंडिडेट्स पर रोक लगाई जा सके। माना जा रहा है कि इससे परीक्षा प्रक्रिया पहले से ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी होगी।


प्रीलिम्स के बाद जल्द आएगी आंसर-की

एक और अहम बदलाव इस बार आंसर-की को लेकर हुआ है। UPSC अब प्रीलिम्स परीक्षा के तुरंत बाद प्रोविजनल आंसर-की जारी करेगा। उम्मीदवार 31 मई 2026 शाम 6 बजे तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें तीन प्रमाणिक स्रोतों के साथ अपनी बात रखनी होगी।


नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई

UPSC ने साफ कहा है कि परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों पर सख्त कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें भविष्य की परीक्षाओं से भी वंचित किया जा सकता है। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी तरह की लापरवाही न करें।


इस साल कितनी हैं वैकेंसी?

बता दें कि इस साल UPSC सिविल सेवा परीक्षा के जरिए 933 पदों पर भर्ती की जाएगी, जबकि भारतीय वन सेवा परीक्षा में 40 पद भरे जाएंगे। UPSC के जरिए IAS, IPS, IFS, IRS समेत देश की कई बड़ी सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है। यही वजह है कि इसे देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है।