ITI National Topper: कहते हैं कि मेहनत और लगन के आगे आर्थिक तंगी भी रास्ता नहीं रोक सकती. ओडिशा के पुरी की रहने वाली सुप्रीति महापात्रा ने इसे सच कर दिखाया है. ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाने वाले पिता की बेटी सुप्रीति ने ITI के ऑटोमोबाइल ट्रेड में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है. उन्होंने 1200 में से 1194 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. उनकी इस उपलब्धि पर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 नवंबर को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित करेंगे.
ऑटोमोबाइल ट्रेड में हासिल किया देशभर में पहला स्थान
सुप्रीति महापात्रा पुरी गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ITI) की छात्रा हैं. उन्होंने ऑटोमोबाइल ट्रेड से दो साल का कोर्स पूरा किया है. परीक्षा में 1194 अंक हासिल कर उन्होंने लड़कियों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया. बताया जा रहा है कि ओडिशा से इस ट्रेड में राष्ट्रीय स्तर पर टॉप करने वाली वह पहली लड़की हैं.
सुप्रीति की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आने से पहले वह संस्कृत विषय से आचार्य की पढ़ाई कर चुकी हैं. संस्कृत की पढ़ाई के दौरान भी उन्होंने गोल्ड मेडल हासिल किया था. इस उपलब्धि के लिए उन्हें राष्ट्रपति से सम्मान मिल चुका है. अब ITI में देशभर में पहला स्थान हासिल करने के बाद एक बार फिर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है.
पिता ऑटो चलाकर चलाते हैं परिवार
सुप्रीति के पिता चक्रपाणि महापात्रा ऑटो रिक्शा चलाते हैं. इसी से होने वाली कमाई से परिवार का खर्च चलता है. उनकी मां का नाम लक्ष्मीप्रिया महापात्रा है. परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और कोरोना महामारी के दौरान मुश्किलें और बढ़ गई थीं. हालात ऐसे हो गए कि सुप्रीति को करीब एक साल तक अपनी पढ़ाई भी रोकनी पड़ी.
इस दौरान उनके भाई ने उन्हें आगे पढ़ने और अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित किया. उनके भाई ने वेल्डर ट्रेड से एक साल का ITI कोर्स किया था और इसके बाद उन्हें नौकरी मिल गई. भाई को तकनीकी शिक्षा के दम पर रोजगार हासिल करते देख सुप्रीति को भी ITI करने का विचार आया.
इसके बाद उन्होंने ITI में दाखिला लिया. यहां शिक्षकों ने भी उनका हौसला बढ़ाया और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया. परिवार की आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और आखिरकार देशभर में पहला स्थान हासिल कर लिया.
सुप्रीति का मानना है कि ऑटोमोबाइल और मैकेनिकल जैसे तकनीकी क्षेत्र केवल लड़कों तक सीमित नहीं हैं. लड़कियां भी इन क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर सकती हैं. उनका कहना है कि बदलती तकनीक के दौर में लड़कियों के लिए भी तकनीकी शिक्षा और रोजगार के कई अवसर मौजूद हैं.
सुप्रीति आगे चलकर असिस्टेंट ट्रेनिंग ऑफिसर (ATO) बनना चाहती हैं. उनका सपना ITI के दूसरे विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण देकर हुनरमंद बनाना है. वह चाहती हैं कि अधिक से अधिक युवा तकनीकी शिक्षा हासिल कर अपने पैरों पर खड़े हों.
अपनी इस सफलता का श्रेय सुप्रीति अपने माता-पिता और शिक्षकों को देती हैं. अब 22 नवंबर को लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित होने की खबर से उनके परिवार में खुशी का माहौल है. ऑटो चलाकर परिवार चलाने वाले पिता की बेटी की इस उपलब्धि ने पूरे परिवार का नाम रोशन किया है.