SBI Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने चालू वित्त वर्ष में करीब 12 हजार नए कर्मचारियों की भर्ती करने की योजना बनाई है. बैंक की ओर से क्लर्क और अधिकारी स्तर के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इसके साथ ही देशभर में बैंक की पहुंच बढ़ाने के लिए करीब 250 नई शाखाएं खोलने की भी तैयारी है.
SBI के चेयरमैन सीएस सेट्टी ने न्यूज एजेंसी PTI के साथ बातचीत में बैंक की भर्ती और विस्तार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में बैंक करीब 11 हजार से 12 हजार कर्मचारियों की भर्ती कर सकता है. हालांकि अंतिम संख्या कर्मचारियों के रिटायरमेंट और बैंक की जरूरत के आधार पर तय होगी.
क्लर्क और अधिकारी पदों पर होगी भर्ती
SBI इस बार सामान्य बैंकिंग से जुड़े पदों पर अधिक ध्यान देने की तैयारी में है. बैंक में क्लर्क और अधिकारी स्तर पर नई नियुक्तियां की जाएंगी. चेयरमैन के मुताबिक, कर्मचारियों की जरूरत और रिटायरमेंट की संख्या को ध्यान में रखते हुए भर्ती का आंकड़ा थोड़ा कम या ज्यादा हो सकता है, लेकिन साल के अंत तक करीब 12 हजार नियुक्तियां पूरी करने का लक्ष्य है.
IT पदों पर पिछले साल की तुलना में कम भर्ती
पिछले वित्त वर्ष में SBI ने स्पेशलिस्ट IT अधिकारियों के करीब 1,500 पदों पर भर्ती की थी. इस बार बैंक की IT से जुड़ी जरूरत अपेक्षाकृत कम है. ऐसे में इस साल भर्ती का मुख्य फोकस सामान्य बैंकिंग से जुड़े पदों पर रहने की उम्मीद है.
250 नई शाखाएं खोलने की तैयारी
भर्ती के साथ SBI अपने शाखा नेटवर्क का भी विस्तार करेगा. बैंक की योजना देशभर में हर साल नेट आधार पर करीब 200 से 250 नई शाखाएं जोड़ने की है. बैंक खासतौर पर शहरों में विकसित हो रही नई कॉलोनियों और तेजी से बढ़ रहे कमर्शियल इलाकों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर काम कर रहा है.
SBI के चेयरमैन ने बताया कि कई नए शहरी और कारोबारी क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार की गुंजाइश है. इन्हीं जगहों को बैंक के नेटवर्क से जोड़ने के लिए शाखाओं का रैशनलाइजेशन किया जा रहा है. इसके तहत मौजूदा शाखाओं की जरूरत के अनुसार व्यवस्था में बदलाव के साथ नई जगहों पर शाखाएं खोली जाएंगी.
SBI में 2.45 लाख से अधिक कर्मचारी
रोजगार के मामले में SBI देश के बड़े संस्थानों में शामिल है. मार्च 2026 तक बैंक में 2.45 लाख से अधिक कर्मचारी कार्यरत थे. बैंक की हालिया सालाना रिपोर्ट के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष में SBI ने कुल 25,633 लोगों को नौकरी दी थी.
NSE IPO में हिस्सेदारी बेचने की भी तैयारी
SBI अपने कारोबार के विस्तार के साथ निवेश से जुड़े मोर्चे पर भी योजना बना रहा है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रस्तावित IPO में बैंक और उसकी सब्सिडियरी कंपनी SBI Capital Markets Limited अपनी हिस्सेदारी कम करने की तैयारी में हैं.
करीब 30 हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावित NSE IPO के जरिए SBI और SBI Capital Markets मिलकर एक्सचेंज में अपनी कुल 1 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेच सकते हैं. इसमें SBI की सीधे तौर पर करीब 0.65 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की योजना बताई गई है.