RRB Technician Exam: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने टेक्नीशियन भर्ती परीक्षा (CEN 02/2025) के लिए एग्जाम सिटी की जानकारी जारी कर दी है। अब उम्मीदवार अपने-अपने रीजनल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा शहर की जानकारी देख और डाउनलोड कर सकते हैं।


कब होगी परीक्षा

आरआरबी टेक्नीशियन ग्रेड-I सिग्नल और टेक्नीशियन ग्रेड-III की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 6 मार्च, 9 मार्च, 10 मार्च और 13 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा 5 से 9 मार्च के बीच प्रस्तावित थी, लेकिन अब तारीखों में बदलाव किया गया है।


एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से चार दिन पहले जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर अपनी संबंधित आरआरबी वेबसाइट चेक करते रहें।


कितने पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के माध्यम से टेक्नीशियन ग्रेड-I सिग्नल के 183 पदों और टेक्नीशियन ग्रेड-III के 6055 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।


टेक्नीशियन ग्रेड-I सिग्नल लेवल-5 का पद है, जबकि टेक्नीशियन ग्रेड-III लेवल-2 का पद है। यह भर्ती रेलवे में तकनीकी पदों के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है।


परीक्षा केंद्र पर जरूरी निर्देश

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर वही मूल फोटो पहचान पत्र लाना होगा, जिसकी जानकारी उन्होंने आवेदन के समय दी थी। यदि पहचान पत्र की डिटेल्स आवेदन पत्र से मेल नहीं खाती हैं, तो परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


जिन उम्मीदवारों ने आवेदन के दौरान आधार वेरिफिकेशन कराया है, उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका आधार कार्ड UIDAI सिस्टम में अनलॉक स्थिति में रहे। इससे परीक्षा केंद्र पर पंजीकरण और सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की देरी नहीं होगी।


चयन प्रक्रिया

इस भर्ती में चयन तीन चरणों में होगा:

  1. कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT)
  2. मेडिकल टेस्ट
  3. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन


सीबीटी परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक काटे जाएंगे।


टेक्नीशियन ग्रेड-I सिग्नल परीक्षा पैटर्न

इस परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और अभ्यर्थियों को 90 मिनट का समय मिलेगा। सभी प्रश्न एक-एक अंक के होंगे।

प्रश्नों का विभाजन इस प्रकार होगा:

  1. जनरल अवेयरनेस – 10 प्रश्न
  2. जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग – 15 प्रश्न
  3. बेसिक्स ऑफ कंप्यूटर एंड एप्लीकेशंस – 20 प्रश्न
  4. गणित – 20 प्रश्न
  5. बेसिक साइंस एंड इंजीनियरिंग – 35 प्रश्न


योग्यता अंक की बात करें तो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 40 प्रतिशत अंक लाने होंगे। ओबीसी और एससी वर्ग के लिए 30 प्रतिशत और एसटी वर्ग के लिए 25 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।


टेक्नीशियन ग्रेड-III परीक्षा पैटर्न

इसमें भी कुल 100 प्रश्न होंगे और समय 90 मिनट का होगा।

प्रश्नों का विभाजन इस प्रकार है:

  1. जनरल अवेयरनेस – 10 प्रश्न
  2. जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग – 25 प्रश्न
  3. गणित – 25 प्रश्न
  4. जनरल साइंस – 40 प्रश्न

योग्यता के लिए न्यूनतम अंक वही रहेंगे जो ग्रेड-I के लिए निर्धारित हैं।


एक ही पेपर से होगी भर्ती

इस बार भी आरआरबी टेक्नीशियन भर्ती में केवल एक ही सीबीटी परीक्षा होगी। यह अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात है। वर्ष 2018 में जब 26 हजार एएलपी टेक्नीशियन पदों पर भर्ती निकली थी, तब टेक्नीशियन पद के लिए दो चरणों में सीबीटी परीक्षा आयोजित की गई थी।