RRB JE Vacancy 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) जल्द ही जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) और केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA) समेत 35 अलग-अलग कैटेगरी के पदों पर बंपर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने जा रहा है. रेलवे बोर्ड ने कुल 4,098 रिक्तियों को मंजूरी दे दी है और सभी जोनल रेलवे व उत्पादन इकाइयों को स्वीकृत पदों की जानकारी भेज दी गई है. आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद उम्मीदवार rrbapply.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
इस भर्ती में डिप्लोमा और बीटेक (B.Tech) दोनों योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा. हालांकि, किस पद के लिए कौन-सी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता होगी, इसकी विस्तृत जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद दी जाएगी.
रिक्तियों की बात करें तो सबसे अधिक 845 पद जूनियर इंजीनियर (PWI) के लिए स्वीकृत किए गए हैं. इसके अलावा जूनियर इंजीनियर (वर्क्स) के 470 पद, जूनियर इंजीनियर (कैरिज एंड वैगन) के 450 पद, जूनियर इंजीनियर (वर्कशॉप-मैकेनिकल) के 436 पद, डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) के 314 पद, जूनियर इंजीनियर (P-Way) के 163 पद, जूनियर इंजीनियर (TRS) के 163 पद, जूनियर इंजीनियर (TRD) के 82 पद, जूनियर इंजीनियर (ट्रैक मशीन) के 49 पद और जूनियर इंजीनियर (ब्रिज) के 46 पद शामिल हैं. इसके अलावा अन्य तकनीकी श्रेणियों में भी रिक्तियां भरी जाएंगी.
भर्ती के तहत सभी पद पे लेवल-6 के अंतर्गत होंगे. इनमें सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन (S&T) सहित कई तकनीकी विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी. इलेक्ट्रिकल विभाग में डिजाइन एंड ड्राइंग, टीआरएस, जनरल सर्विस, पीयू और वर्कशॉप से जुड़े पद शामिल हैं. वहीं सिविल विभाग में ब्रिज, पी-वे, वर्क्स, डिजाइन एंड ड्राइंग और रिसर्च एंड डेवलपमेंट से संबंधित पदों पर भर्ती होगी. मैकेनिकल विभाग में कैरिज एंड वैगन, डीजल शेड, वर्कशॉप और डिजाइन एंड ड्राइंग जैसी श्रेणियों में नियुक्तियां होंगी. इसके अलावा S&T विभाग और केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट के पद भी इस भर्ती का हिस्सा होंगे.
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रिक्तियों का अंतिम विवरण रेलवे भर्ती बोर्ड को भेजा जाएगा, जिसके बाद विस्तृत भर्ती अधिसूचना जारी की जाएगी. उसी नोटिफिकेशन में आवेदन की तारीख, परीक्षा पैटर्न, चयन प्रक्रिया, आयु सीमा और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी दी जाएगी.
इधर, रेलवे भर्ती बोर्ड ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) भर्ती की CBT-2 परीक्षा की संभावित तारीख भी घोषित कर दी है. यह परीक्षा 28 जुलाई को आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थी परीक्षा से 10 दिन पहले अपनी एग्जाम सिटी और परीक्षा तिथि देख सकेंगे, जबकि ई-कॉल लेटर परीक्षा से करीब चार दिन पहले जारी किए जाएंगे. परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को आवेदन में दर्ज मूल फोटो पहचान पत्र और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा. आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन अपना आधार अनलॉक रखना होगा.
इसके अलावा आरआरबी ने पृथक (आइसोलेटेड) श्रेणी के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 14 और 15 जुलाई को आयोजित करने का संभावित कार्यक्रम भी जारी किया है. इस परीक्षा के लिए भी एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी की जानकारी निर्धारित समय पर आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी.